पटना: प्रेम-प्रसंग के विवाद में 4 दोस्तों को ज़हर पिलाने का आरोप, मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ़्तार
बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र में चार लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने एक बड़े खुलासे का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना प्रेम-प्रसंग के विवाद का नतीजा थी, जिसमें मुख्य…
बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र में चार लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने एक बड़े खुलासे का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना प्रेम-प्रसंग के विवाद का नतीजा थी, जिसमें मुख्य आरोपी ने कथित तौर पर शराब में ज़हर मिलाकर चारों को पिला दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
यह मामला 30 अगस्त का है, जब बाढ़ के सैदपुर टोला, बेढ़ना गांव में चार लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मामले की जांच शुरू की गई।
साज़िश के पीछे प्रेम-प्रसंग और ताने
पटना ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक कुंदन कुमार ने बुधवार को जानकारी दी कि मुख्य आरोपी लाली कुमार ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। लाली ने बताया कि मृतकों में से एक, निशु कुमार, का उसकी बहन के साथ प्रेम-प्रसंग था, जिसे लेकर दोनों के बीच पुराना विवाद था। लाली के अनुसार, निशु के साथ शराब पीने वाले बाकी तीन दोस्त भी उसे इसी बात को लेकर चिढ़ाया करते थे। इसी वजह से उसने चारों को एक साथ निशाना बनाने की साज़िश रची।
जांच के लिए SIT गठित
पुलिस के अनुसार, लाली कुमार ही इस पूरी घटना का मुख्य षड्यंत्रकर्ता है। उसने पूछताछ में बताया कि शराब में ज़हर मिलाया गया था। जांच में यह भी पता चला है कि लाली ने यह शराब रुदल कुमार नाम के एक सब्जी विक्रेता से खरीदी थी, जिसने इसे एक नाबालिग से हासिल किया था। नाबालिग ने कथित तौर पर सतीश उर्फ सन्नी से शराब ली थी, जिसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि मौत का असली कारण ज़हरीला पदार्थ ही था या कुछ और, इसकी अंतिम पुष्टि फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। फिलहाल, चारों शवों का पोस्टमार्टम करा दिया गया है और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामले की गहन जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जो अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
इनपुट: IANS



