पटना: दुर्गा पूजा से लौट रहे लोगों पर काल बनकर पलटी स्कॉर्पियो, 2 की मौत, कई की हालत गंभीर
बिहार की राजधानी पटना में रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने दुर्गा पूजा की खुशियों को मातम में बदल दिया। अटल पथ पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बेकाबू होकर पलट गई और पूजा देखकर लौट रहे राहगीरों को…
बिहार की राजधानी पटना में रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने दुर्गा पूजा की खुशियों को मातम में बदल दिया। अटल पथ पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बेकाबू होकर पलट गई और पूजा देखकर लौट रहे राहगीरों को रौंद दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
यह हादसा पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में महेशनगर रोड नंबर तीन के पास रात करीब 11.30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि काले रंग की स्कॉर्पियो आर ब्लॉक से दीघा की तरफ बेहद तेज गति से जा रही थी, जब चालक ने अचानक गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। नियंत्रण खोने के बाद स्कॉर्पियो पलट गई और सड़क पर उछलते हुए करीब 80 मीटर तक घिसटती चली गई, जिसकी चपेट में पैदल चल रहे लोग आ गए।
पूजा से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर
बताया जा रहा है कि सात लोग दुर्गा पूजा का मेला देखकर एक साथ पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी यह भयावह दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पलटते हुए इन सभी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। एक बाइक सवार के भी वाहन की चपेट में आने की बात सामने आई है।
पुलिस ने की दो मौतों की पुष्टि
पटना की एएसपी (लॉ एंड ऑर्डर-2) सुषमा सागर ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पाटलिपुत्र स्थित सहयोग अस्पताल ले जाया गया। दो लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के एमसीएच रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



