मंगलवार, 1 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
बिहार

पटना: जहरीली शराब से 4 लोगों की मौत की आशंका, मंत्री विजय सिन्हा ने दिए जांच के आदेश

पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती तौर पर इन मौतों का कारण…

पटना: जहरीली शराब से 4 लोगों की मौत की आशंका, मंत्री विजय सिन्हा ने दिए जांच के आदेश
(फोटो: IANS)

पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती तौर पर इन मौतों का कारण जहरीली शराब का सेवन बताया जा रहा है। घटना बेढ़ना गांव की है, जहां शराब पीने के बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

विज्ञापन

ग्रामीणों ने भी जहरीली शराब से मौत की आशंका जताई है, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा रविवार को बेढ़ना गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

जांच के आदेश और सख्त कार्रवाई का आश्वासन

मौके पर मौजूद मंत्री विजय सिन्हा ने प्रशासनिक अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया, "पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में जहरीली शराब से मौत की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।"

मंत्री ने इस मामले पर पटना के जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक से भी बात की है। उन्होंने बाढ़ के एसडीएम को पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए जरूरी निर्देश दिए हैं। विजय सिन्हा ने चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य में शराब के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

फिलहाल, पुलिस और प्रशासन मामले के हर पहलू की जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजहों का अंतिम रूप से खुलासा हो सकेगा।

इनपुट: IANS

N

News4Social बिहार डेस्क

News4Social बिहार डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से बिहार से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →