दिसंबर से बदल रहे हैं बैंकिंग और निवेश के कई नियम, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर
1 दिसंबर से क्रेडिट कार्ड, बैंकिंग सेवाओं और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) से जुड़े कई नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहे हैं। इन बदलावों का असर सीधे आम आदमी की वित्तीय योजनाओं और जेब पर पड़ेगा…
1 दिसंबर से क्रेडिट कार्ड, बैंकिंग सेवाओं और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) से जुड़े कई नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहे हैं। इन बदलावों का असर सीधे आम आदमी की वित्तीय योजनाओं और जेब पर पड़ेगा। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, SBI, HDFC और ICICI जैसे बड़े बैंकों ने अपने कार्ड और खाता सेवाओं में कई संशोधन किए हैं, जो आने वाले दिनों में लागू होंगे।
क्रेडिट कार्ड पर नए शुल्क और शर्तों में बदलाव
SBI कार्ड: 1 दिसंबर से, एसबीआई कार्ड धारकों को पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने और ट्रांसपोर्टेशन से जुड़े 30,000 रुपये से अधिक के बड़े लेन-देन पर 1% शुल्क देना होगा। अगर एक बिलिंग साइकिल में इन दोनों मदों पर कुल खर्च 50,000 रुपये से अधिक हो जाता है, तो भी यह 1% का अतिरिक्त शुल्क लागू होगा।
HDFC बैंक: बिजब्लैक मेटल क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों के लिए नियम बदल रहे हैं। 21 दिसंबर, 2026 से, एक्सेलरेटेड रिवॉर्ड पॉइंट पाने के लिए हर स्टेटमेंट साइकिल में कम-से-कम 50,000 रुपये की खुदरा खरीदारी करनी होगी। साथ ही, बैंक ने वाउचर पाने के लिए जरूरी तिमाही खर्च की सीमा 5 लाख रुपये से घटाकर 4 लाख रुपये कर दी है।
ICICI बैंक: यह बैंक कई बदलाव कर रहा है। 15 दिसंबर, 2026 से कुछ चुनिंदा डेबिट और क्रेडिट कार्डों पर मिलने वाले मुफ्त आईनॉक्स बेनिफिट्स बंद कर दिए जाएंगे। इसी तारीख से कुछ क्रेडिट कार्ड के साथ मिलने वाले कॉम्प्लिमेंट्री बीमा लाभ भी समाप्त हो जाएंगे। इसके अलावा, 11 दिसंबर, 2026 से क्रेडिट कार्ड रिप्लेसमेंट फीस 200 रुपये + GST से बढ़ाकर 300 रुपये + GST कर दी जाएगी। 'प्रायोरिटी पास' क्रेडिट कार्ड के लिए भी रिप्लेसमेंट फीस लागू होगी।
बचत खातों और निवेश से जुड़े नियम
ICICI बैंक के बचत खाताधारकों को महीने में तीन मुफ्त नकद जमा और तीन मुफ्त नकद निकासी की सुविधा मिलती रहेगी। लेकिन, 1 दिसंबर से अगर जमा और निकासी की कुल मुफ्त सीमा (1 लाख रुपये प्रति माह) पार हो जाती है, तो लगने वाला शुल्क बढ़ जाएगा। यह शुल्क अब 3.50 रुपये प्रति 1,000 रुपये की जगह 4 रुपये प्रति 1,000 रुपये या न्यूनतम 150 रुपये (जो भी अधिक हो) होगा।
वहीं, नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में भी 1 दिसंबर से बदलाव लागू हो रहे हैं। पेंशन फंड नियामक PFRDA ने योजनाओं के वर्गीकरण और प्रस्तुति के ढांचे में संशोधन किया है। इससे यह साफ होगा कि पेंशन फंड योजनाओं के नाम कैसे रखे जाएं और सब्सक्राइबर्स को खाता खोलने वाले प्लेटफॉर्म पर वे कैसे दिखाए जाएं।
कमोडिटी ट्रेडिंग में मार्जिन के नए नियम
सेबी के एक सर्कुलर के अनुसार, कमोडिटी डेरिवेटिव्स के लिए मार्जिन के नियमों में भी बदलाव किया गया है। नए ढांचे के तहत, कम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटीज के लिए न्यूनतम शुरुआती मार्जिन 6%, मध्यम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटीज के लिए 8% और अधिक उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटीज के लिए 10% निर्धारित किया गया है।
इनपुट: IANS



