परिसीमन विधेयक पर 'इंडिया' गठबंधन में मतभेद, शरद पवार की NCP ने कांग्रेस के विरोध पर उठाए सवाल
लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर 'इंडिया' गठबंधन के भीतर असहमति के स्वर उभरने लगे हैं। गठबंधन की प्रमुख सदस्य राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने इस विधेयक पर कांग्रेस के रुख की आलोचना की…
लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर 'इंडिया' गठबंधन के भीतर असहमति के स्वर उभरने लगे हैं। गठबंधन की प्रमुख सदस्य राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने इस विधेयक पर कांग्रेस के रुख की आलोचना की है, जिससे विपक्षी एकता पर सवाल खड़े हो गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, एनसीपी (एसपी) ने कहा है कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह अब इस विधेयक का विरोध क्यों कर रही है।
एनसीपी (एसपी) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "अब परिसीमन का विरोध क्यों करना है, उन्हें यह भी स्पष्ट करना चाहिए। कांग्रेस को पहले हमें बताना चाहिए था कि अब इस बिल का विरोध क्यों करना है। क्या कभी उन्होंने इस पर चर्चा की है?" उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पार्टी इस विधेयक का अध्ययन करने और 'इंडिया' ब्लॉक के सहयोगियों के साथ चर्चा करने के बाद ही कोई अंतिम निर्णय लेगी। शिंदे ने कहा कि पहले इस बिल का विरोध इसलिए किया गया था क्योंकि भाजपा मनमानी कर रही थी, जिससे कुछ राज्यों को फायदा और कुछ को नुकसान होता।
विभिन्न दलों की आपत्तियां और चिंताएं
विधेयक पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए वंचित बहुजन अघाड़ी के राष्ट्रीय नेता प्रकाश अंबेडकर ने सांसदों से इसे खारिज करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनसंख्या के आधार पर सीटों का असमान आवंटन राज्यों के बीच असंतोष पैदा कर सकता है और राष्ट्रीय एकता को खतरे में डाल सकता है। उन्होंने कहा, "दक्षिणी राज्यों में जनसंख्या कम हो चुकी है और उत्तर राज्यों में स्थिति इससे अलग है। ऐसे में जब 50 प्रतिशत अतिरिक्त सीटों का बंटवारा होगा तो जिनकी जनसंख्या अधिक है, उन्हें अधिक सीटें मिलेंगी और जिनकी जनसंख्या कम है, उन्हें कम सीटें मिलेंगी। इससे टकराव की स्थिति पैदा होगी।"
इसी तरह, शिवसेना (यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे ने भी परिसीमन विधेयक को 'राष्ट्र-विरोधी' बताते हुए इसका कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा, "परिसीमन विधेयक आपकी आवाज छीन लेगा। सांसदों की संख्या बढ़ाकर और बोलने का समय कम करके उनकी शक्ति को कम कर देगा।" ठाकरे ने यह भी जोड़ा कि यह विधेयक करदाताओं पर बोझ बढ़ाएगा।
एनडीए का पक्ष
दूसरी ओर, एनडीए ने विपक्ष की आपत्तियों को उनकी हताशा बताया है। बिहार के उपमुख्यमंत्री विनोद चौधरी ने IANS से कहा कि यह वही विधेयक है जिसे 2023 में सर्वसम्मति से पारित किया गया था। उन्होंने कहा, "परिसीमन बिल पर अगर विपक्ष किसी तरह की आपत्ति व्यक्त करते हैं, तो यह उनकी हताशा का परिचायक हो सकता है। शायद उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव होने वाला है या 2029 में भी उनको सफल होने का कोई लक्षण नजर नहीं आता है, इसलिए विपक्ष बिना मुद्दा का मुद्दा बना रहे हैं।"
इनपुट: IANS



