शनिवार, 28 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
देश

छत्तीसगढ़: सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, बीजापुर में माओवादियों के ठिकाने से करोड़ों का सोना और कैश बरामद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए एक बड़े खजाने का पता लगाया है। यहाँ एक जंगल में जमीन के नीचे दबाकर रखे गए एक डिब्बे से लगभग चार किलो सोना और 24 लाख रुपये से…

छत्तीसगढ़: सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, बीजापुर में माओवादियों के ठिकाने से करोड़ों का सोना और कैश बरामद
(फोटो: IANS)

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए एक बड़े खजाने का पता लगाया है। यहाँ एक जंगल में जमीन के नीचे दबाकर रखे गए एक डिब्बे से लगभग चार किलो सोना और 24 लाख रुपये से ज्यादा की नकदी बरामद की गई है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत सवा चार करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के पास की गई। 27 नवंबर को मिली एक खुफिया सूचना के आधार पर डीआरजी, भैरमगढ़ पुलिस और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) ने एक संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविंद्र कुमार मीणा ने किया, जबकि मार्गदर्शन पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता का था।

जमीन में दबा मिला स्टील का डिब्बा

सुरक्षाबलों की टीम ने भैरमगढ़ थाने से लगभग 8-10 किलोमीटर दूर चिन्हित स्थान पर तलाशी शुरू की। बीडीएस टीम ने जब उस जगह की जाँच की, तो उन्हें जमीन के अंदर एक स्टील का डिब्बा दबा हुआ मिला। इस डिब्बे को बाहर निकालकर खोलने पर उसमें सोने के बिस्किट और नोटों के बंडल मिले।

अधिकारियों के अनुसार, डिब्बे के अंदर सोने के 33 बिस्किट थे, जिनमें से प्रत्येक का वजन 10 तोला था। इस तरह कुल 330 तोला यानी 3.84 किलोग्राम सोना बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ 29 लाख रुपये है। इसके अलावा, टेप में लिपटे एक पैकेट से 500 रुपये के नोटों में 24,22,500 रुपये नकद भी मिले।

अब तक 8 करोड़ से ज्यादा कैश बरामद

पुलिस ने बरामद सोने और नकदी को जब्त कर भैरमगढ़ थाने में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि बीजापुर जिले में माओवादियों के खिलाफ लगातार चल रहे अभियानों में यह एक और बड़ी सफलता है। अब तक विभिन्न माओवादी ठिकानों से कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।

इनपुट: IANS

N

News4Social नेशनल डेस्क

News4Social नेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →