ओडिशा: झारसुगुडा कोर्ट परिसर में बम की धमकी के बाद हड़कंप, परिसर खाली कराया गया
देश भर में सरकारी दफ्तरों को निशाना बना रही बम की धमकियों के सिलसिले में अब ओडिशा का झारसुगुडा जिला कोर्ट भी शामिल हो गया है। शुक्रवार को जिला जज के नाम एक ईमेल भेजकर पूरे कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने…
देश भर में सरकारी दफ्तरों को निशाना बना रही बम की धमकियों के सिलसिले में अब ओडिशा का झारसुगुडा जिला कोर्ट भी शामिल हो गया है। शुक्रवार को जिला जज के नाम एक ईमेल भेजकर पूरे कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, धमकी भरा ईमेल मिलते ही स्थानीय अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू कर दिया। जजों, वकीलों, कोर्ट कर्मचारियों और अन्य लोगों सहित पूरे न्यायिक परिसर को एहतियात के तौर पर खाली करा लिया गया। सभी को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने के बाद बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुँचकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
देशभर में जारी हैं ऐसी धमकियाँ
यह घटना कोई अकेली नहीं है, बल्कि पिछले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में अदालतों और सरकारी कार्यालयों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले हैं। इससे पहले 13 जुलाई को राजस्थान के जयपुर और जोधपुर में हाईकोर्ट की बेंचों को भी एक अनजान ईमेल पते से ऐसी ही धमकी मिली थी।
उसी दिन, यानी 13 जुलाई को, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में जिलाधिकारी (DM) कार्यालय में भी ईमेल से बम होने की सूचना दी गई थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ते, फायर ब्रिगेड और डॉग स्क्वाड ने पूरे परिसर की गहनता से जाँच की थी। अधिकारियों के मुताबिक, उस जाँच में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी।
झारखंड में भी डाकघर को मिली थी धमकी
इसी क्रम में, 15 जुलाई को झारखंड के मुख्य डाकघरों और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में दोपहर 1:15 बजे विस्फोट होने का दावा किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे परिसर की छानबीन की थी।
इनपुट: IANS



