बिहार: 'नीतीश सेतु' नाम पर तेजस्वी यादव का ऐतराज, बोले- 'अक्षयवट राय के नाम का था वादा'
बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर को जोड़ने वाले छह लेन के पुल के उद्घाटन से पहले ही इसके नामकरण पर सियासी घमासान छिड़ गया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखे…
बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर को जोड़ने वाले छह लेन के पुल के उद्घाटन से पहले ही इसके नामकरण पर सियासी घमासान छिड़ गया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखे जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए दावा किया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसका नाम स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर रखने का आश्वासन दिया था।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, तेजस्वी यादव ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि जब यह परियोजना शुरू हुई थी, तब वे राज्य के उपमुख्यमंत्री और पथ निर्माण मंत्री थे। उन्होंने बताया कि पुल का शिलान्यास उनके विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में हुआ था, जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे। तेजस्वी के अनुसार, उसी समय उन्होंने नीतीश कुमार से आग्रह किया था कि पुल का नाम अक्षयवट राय के नाम पर रखा जाए, जिस पर मुख्यमंत्री ने सहमति भी जताई थी।
पुराने वादे की याद दिलाई
राजद नेता ने याद दिलाया कि 2015-16 में शिलान्यास के वक्त यह तय हुआ था कि पुल का निर्माण पूरा होने पर इसे 'अक्षयवट बाबू' का नाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार ने कहा था कि वर्ष 2022 तक पुल बनकर तैयार हो जाएगा और तब इसका नामकरण अक्षयवट बाबू के नाम पर किया जाएगा।” तेजस्वी ने यह भी बताया कि इस संबंध में उन्होंने सरकार को पत्र लिखकर भी अपनी मांग रखी थी।
केंद्र की भूमिका और राजनीति पर सवाल
तेजस्वी यादव ने इस पुल के निर्माण में केंद्र सरकार की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना में राज्य सरकार ने अपने संसाधनों और कर्ज से राशि जुटाई थी। उन्होंने कहा, "अगर भारत सरकार का एक रुपया भी इस पुल के निर्माण में लगा हो या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का कोई योगदान रहा हो तो बताया जाए।" भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे लोग राजनीतिक लाभ के लिए ऐसा कर रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता सच जानती है।
नामकरण पर सियासी तंज
मौजूदा राजनीतिक हालात पर टिप्पणी करते हुए तेजस्वी ने कहा कि किसी भी जीवित व्यक्ति के नाम पर पुल का नाम रखना या मूर्ति लगाना उचित नहीं माना जाता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस फैसले से यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि नीतीश कुमार राजनीतिक रूप से समाप्त हो चुके हैं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को इस महत्वाकांक्षी पुल का उद्घाटन करने वाले हैं।
इनपुट: IANS



