निठारी कांड: सुप्रीम कोर्ट से बरी सुरेंद्र कोली हरिद्वार में मृत मिले, चाय की दुकान में लटका था शव
देश को दहला देने वाले निठारी हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट से बरी हुए सुरेंद्र कोली का शव हरिद्वार में मिला है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, कोली अपनी चाय की दुकान में फंदे से लटका पाया…
देश को दहला देने वाले निठारी हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट से बरी हुए सुरेंद्र कोली का शव हरिद्वार में मिला है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, कोली अपनी चाय की दुकान में फंदे से लटका पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
यह घटना हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में सप्त सरोवर रोड पर स्थित लालमाता मंदिर के सामने हुई, जहाँ कोली पिछले कुछ दिनों से चाय की दुकान चला रहा था। सप्तऋषि पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुँचकर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र कोली मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण क्षेत्र के ग्राम मंगरुखाल का रहने वाला था।
निठारी कांड और कोली की रिहाई
साल 2006 में नोएडा के निठारी गाँव में मोनिंदर सिंह पंढेर की कोठी के पास एक नाले से 19 बच्चों और महिलाओं के कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई थी। इस मामले में पंढेर और उसके नौकर सुरेंद्र कोली को गिरफ्तार किया गया था। सीबीआई ने जांच के बाद कई मामलों में चार्जशीट दाखिल की थी। कोली पर आरोप था कि वह बच्चों और महिलाओं के साथ दुष्कर्म कर उनकी हत्या कर देता था।
इस मामले में अदालतों ने लंबी सुनवाई की। कोली को 12 मामलों में बरी कर दिया गया था, लेकिन एक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 2011 में उसकी उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी।
सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला
हालांकि, 11 नवंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने एक ऐतिहासिक फैसले में अपने ही 2011 के पुनर्विचार निर्णय को पलट दिया था। जस्टिस विक्रम नाथ की अध्यक्षता वाली बेंच ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश को रद्द करते हुए कहा था कि कोली के खिलाफ सबूत अपर्याप्त थे और जांच में गंभीर खामियां थीं। अदालत ने कहा था, "कोली पर लगाए गए सभी आरोपों से उसे बरी किया जाता है और उसकी सभी सजाएं रद्द की जाती हैं," और उसे तत्काल रिहा करने का स्पष्ट निर्देश दिया था।
इनपुट: IANS



