VHP नेता विकास प्रभाकर हत्याकांड: UAE से ऑपरेट कर रहा एक और आरोपी एयरपोर्ट से गिरफ्तार
पंजाब के नांगल में विश्व हिंदू परिषद (VHP) नेता विकास प्रभाकर की हत्या के मामले में एक और बड़ी गिरफ्तारी हुई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मनवीर राम उर्फ आशु नाम के एक आरोपी को अमृतसर…
पंजाब के नांगल में विश्व हिंदू परिषद (VHP) नेता विकास प्रभाकर की हत्या के मामले में एक और बड़ी गिरफ्तारी हुई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मनवीर राम उर्फ आशु नाम के एक आरोपी को अमृतसर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से पकड़ा है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से ही लुक आउट सर्कुलर जारी था, जिसके आधार पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने गुरुवार को उसे हिरासत में लिया।
आरोपी मनवीर राम को NIA ने अपनी हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्पेशल एनआईए कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर ली है। एजेंसी की जांच में सामने आया है कि मनवीर इस हत्याकांड में हथियार मुहैया कराने की साजिश का एक अहम हिस्सा था और वह संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से ऑपरेट कर रहा था।
साजिश के तार जर्मनी से जुड़े
NIA की जांच के अनुसार, विकास प्रभाकर की हत्या की पूरी साजिश जर्मनी में बैठे प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के हैंडलर्स ने रची थी। जांच में हरजीत सिंह उर्फ लड्डी और कुलबीर सिंह उर्फ सिद्धू का नाम साजिशकर्ताओं के तौर पर सामने आया है। मनवीर राम इन्हीं विदेशी हैंडलर्स और भारत में मौजूद हथियार सप्लायर्स व अन्य साथियों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम कर रहा था।
अब तक तीन चार्जशीट दाखिल
यह मामला नांगल में VHP नेता विकास प्रभाकर की हत्या से जुड़ा है, जिसकी जांच NIA ने 9 मई 2024 को अपने हाथ में ली थी। जांच एजेंसी इस मामले में अब तक एक मुख्य चार्जशीट और दो सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। NIA ने शुक्रवार को बताया कि इस बड़ी साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी भी जारी है।
इनपुट: IANS



