सोमवार, 10 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
राजनीति

पीएम मोदी से मिले शरद पवार गुट के सांसद, राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP (SP) के सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल के बीच सोमवार को हुई मुलाकात ने राजनीतिक अटकलों को हवा दे दी है। संसद परिसर में हुई इस बैठक के बाद यह…

पीएम मोदी से मिले शरद पवार गुट के सांसद, राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज
(फोटो: IANS)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP (SP) के सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल के बीच सोमवार को हुई मुलाकात ने राजनीतिक अटकलों को हवा दे दी है। संसद परिसर में हुई इस बैठक के बाद यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या शरद पवार गुट परिसीमन विधेयक पर NDA सरकार का समर्थन कर सकता है। हालांकि, पार्टी ने इन अटकलों को खारिज कर दिया है।

विज्ञापन

NCP (SP) के प्रवक्ता महेश तापसे ने इस मुलाकात को पहले से तय और पूरी तरह से खुली बैठक बताया। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, उन्होंने कहा कि सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल अपने-अपने चुनाव क्षेत्रों और महाराष्ट्र से जुड़े विकास के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री से मिला था। तापसे ने स्पष्ट किया, "यह बैठक हमारे सांसदों के संबंधित चुनाव क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई थी।"

परिसीमन बिल पर क्या है रुख?

परिसीमन बिल पर समर्थन की अटकलों को लेकर NCP (SP) के नेता महेश तापसे ने पार्टी का रुख साफ किया। उन्होंने कहा, "जब यह बिल पहले पेश किया गया था, तो एनसीपी शरदचंद्र पवार पार्टी और इंडिया अलायंस ने इसका जोरदार विरोध किया था। अभी तक परिसीमन के लिए कोई ड्राफ्ट पेश नहीं किया गया है। जब पेश किया जाएगा तो इस पर चर्चा होगी।"

भाजपा और कांग्रेस की प्रतिक्रिया

इस मुलाकात पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसे एक स्वाभाविक प्रक्रिया बताया है। भाजपा विधायक अमित सातम ने कहा कि संसद सत्र के दौरान विभिन्न दलों के सांसदों का प्रधानमंत्री से मिलना आम बात है। वहीं, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री प्रताप सरनाईक ने इसे एक 'अच्छी बात' बताते हुए कहा, "उन्हें भी कई सालों बाद यह एहसास हुआ है कि अगर हम विकास परियोजनाओं को लेकर पीएम मोदी के पास जाते हैं, तो वह राशि देंगे और उन परियोजनाओं को मंजूरी देंगे।"

दूसरी ओर, कांग्रेस नेता नसीम खान ने भी इस मुलाकात को गलत नहीं माना। उन्होंने कहा, "अगर कोई प्रतिनिधिमंडल या सांसद अपने राज्य या निर्वाचन क्षेत्र के विकास पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री या किसी केंद्रीय मंत्री से मिलते हैं, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है।" हालांकि, उन्होंने विश्वास जताया कि शरद पवार भाजपा द्वारा लाए जा रहे परिसीमन जैसे बिल का समर्थन नहीं करेंगे।

इनपुट: IANS

N

News4Social राजनीति डेस्क

News4Social राजनीति डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजनीति और चुनाव से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →