नवादा: दुकान से घर लौट रहे सर्राफा कारोबारी से लूट, पीछा करने पर बदमाशों ने दागी गोली
बिहार के नवादा में एक सर्राफा कारोबारी को निशाना बनाते हुए अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है। हिसुआ थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यवसायी से नकदी और चाबियों से…
बिहार के नवादा में एक सर्राफा कारोबारी को निशाना बनाते हुए अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है। हिसुआ थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यवसायी से नकदी और चाबियों से भरा बैग छीन लिया गया। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, जब पीड़ित ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, तो उन्होंने दहशत फैलाने के लिए गोली भी चलाई।
घटना सोमवार देर शाम करीब 8:30 बजे की है, जब बस्ती बीघा में अपनी सोना-चांदी की दुकान चलाने वाले प्रमोद वर्मा घर लौट रहे थे। हिसुआ के पांचू कचहरी रोड स्थित उर्दू प्राथमिक विद्यालय के पास पहले से घात लगाकर बैठे चार अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और उनके हाथ से बैग छीनकर भागने लगे। बैग में करीब 9,000 रुपये नकद और दुकान की चाबियां थीं।
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
पीड़ित प्रमोद वर्मा ने जब हिम्मत दिखाते हुए लुटेरों का पीछा किया, तो उनमें से एक ने गोली चला दी। गनीमत यह रही कि गोली किसी को नहीं लगी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही हिसुआ थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार और सदर डीएसपी-2 राहुल कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पीड़ित व्यवसायी से पूरी घटना की जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि अपराधियों की पहचान और उन्हें पकड़ने के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच हो रही है।
व्यवसायियों में भय का माहौल
कचहरी मोहल्ला जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों और खासकर व्यवसायियों में डर का माहौल है। स्वर्ण व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है, ताकि वे खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
इनपुट: IANS



