UPPSC APO परीक्षा परिणाम रद्द: अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, पूछा - 50 हजार अभ्यर्थियों की बर्बादी का जिम्मेदार कौन?
इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) भर्ती-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द किए जाने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश…
इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) भर्ती-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द किए जाने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे सरकार का 'आरक्षण-विरोधी' चेहरा करार देते हुए सवाल किया कि 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों की मेहनत, समय और धन की बर्बादी की जवाबदेही कौन लेगा।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अखिलेश यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "सच्चे न्याय का एक स्वरूप अन्याय को रोकना भी होता है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने आरक्षण की हकमारी को रोकने के लिए एपीओ प्री परीक्षा 2025 को रद्द कर भाजपा के आरक्षण-विरोधी चेहरे से नकाब हटाकर उसका काला सच सबके सामने ला दिया है।"
'नौकरी देना भाजपा के एजेंडे में नहीं'
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि नौकरी देना भारतीय जनता पार्टी के एजेंडे में शामिल ही नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में रद्द होने वाली यह 22वीं परीक्षा है। अखिलेश ने कहा, "सच तो यह है कि भाजपा भी जानती थी कि न्यायालय में यह मामला टिकेगा नहीं और परीक्षा रद्द हो जाएगी, न नौकरी देनी पड़ेगी, न आरक्षण और न ही किसी को वेतन।"
उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा, "हम तो यह बात हर बार कहते हैं और आज फिर दोहरा रहे हैं कि 'नौकरी भाजपा के एजेंडे में है ही नहीं।'"
अभ्यर्थियों के भविष्य पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस फैसले से प्रभावित हुए 50,000 से अधिक अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की पीड़ा का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से पूछा, "एपीओ भर्ती परीक्षा में शामिल 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की मेहनत, समय और उम्मीदों के साथ खिलवाड़ की जवाबदेही कौन लेगा? पढ़ाई और परीक्षा के लिए माता-पिता ने अपनी कमाई लगाई। अब दोबारा परीक्षा का खर्च और मानसिक तनाव भी अभ्यर्थी ही झेलें?" अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा कि दोषी भाजपा सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती।
आरक्षण और पीडीए के अधिकारों का मुद्दा
अखिलेश यादव ने आरक्षण के नियमों के पालन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "मेरिट के आधार पर अनारक्षित सूची में स्थान पाने के पात्र पिछड़े और दलित अभ्यर्थियों को उनकी आरक्षित श्रेणी तक सीमित रखना पीडीए के अधिकारों पर चोट है।" उन्होंने आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर भर्ती के हर चरण में आरक्षण और मेरिट के नियमों का सही पालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि युवाओं को बार-बार अदालत न जाना पड़े।
इनपुट: IANS



