नासिक: पति की हत्या करवाकर पत्नी ने रची अपहरण की झूठी कहानी, 12 दिन बाद जंगल में मिली लाश
महाराष्ट्र के नासिक में एक महिला द्वारा अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने और फिर उसे अपहरण का रूप देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने 12 दिनों की जांच के बाद इस हत्याकांड का खुलासा…
महाराष्ट्र के नासिक में एक महिला द्वारा अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने और फिर उसे अपहरण का रूप देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने 12 दिनों की जांच के बाद इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की 45 वर्षीय पत्नी, उसके 23 वर्षीय प्रेमी और दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, मृतक का शव कसारा घाट के जंगलों से बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि 40 वर्षीय वसंत सातपुते की पत्नी हसीना ने इंदिरा नगर पुलिस थाने में उनके अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। हसीना ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात लोगों द्वारा पति को अगवा कर लिए जाने की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस करीब 12 दिनों तक वसंत की तलाश में जुटी रही।
प्रेम प्रसंग और हत्या की साजिश
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच को 16 अगस्त को सूचना मिली कि वसंत की हत्या हो चुकी है और आरोपी शहर के शालीमार इलाके में हैं। एसीपी संदीप मिटके के अनुसार, पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर हसीना (45), उसके प्रेमी शाहिल शेख (23) और उसके दो दोस्तों मोईन और सरफराज को हिरासत में लिया। पूछताछ में पूरे मामले की परतें खुल गईं।
आरोपियों ने कबूल किया कि वसंत और हसीना ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन कुछ समय से हसीना का अपने से लगभग आधी उम्र के शाहिल शेख से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हसीना को अब अपना पति रास्ते का कांटा लगने लगा था, जिसके बाद उसने उसे हटाने की साजिश रची।
जंगल में फेंका शव, सभी आरोपी गिरफ्तार
साजिश के तहत, 5 और 6 अगस्त की दरमियानी रात शाहिल अपने दोनों दोस्तों के साथ वसंत के घर में घुसा। वहां हसीना की मौजूदगी में ही उन्होंने वसंत का गला चीरकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को एक बोरी में भरकर नासिक ग्रामीण के कसारा घाट के जंगल में फेंक दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में चार से पांच घंटे का सर्च ऑपरेशन चलाया और सोमवार देर शाम वसंत का शव बरामद कर लिया। कोर्ट ने सभी चारों आरोपियों को छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
इनपुट: IANS



