हरियाणा: नारनौल में 750 करोड़ रुपये की लागत से बना मेडिकल कॉलेज तैयार, पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल उद्घाटन
दक्षिणी हरियाणा के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। नारनौल के पास कोरियावास गांव में लगभग 750 करोड़ रुपये की लागत से महर्षि चवन मेडिकल कॉलेज और राव…
दक्षिणी हरियाणा के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। नारनौल के पास कोरियावास गांव में लगभग 750 करोड़ रुपये की लागत से महर्षि चवन मेडिकल कॉलेज और राव तुलाराम हॉस्पिटल बनकर तैयार हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जींद में आयोजित एक कार्यक्रम से इसका वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मेडिकल कॉलेज में 100 सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है।
उद्घाटन समारोह की तैयारियां पूरी
जिला प्रशासन ने उद्घाटन समारोह के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला उपायुक्त अनुपमा अंजलि ने बताया कि कार्यक्रम में 4 से 5 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है, जिनमें सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी भी शामिल हैं। मेहमानों के लिए सीएनजी बसों, ईवी वाहनों और साइकिलों की विशेष व्यवस्था की गई है। इस कार्यक्रम में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव मुख्य अतिथि होंगी, जबकि भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत
लगभग 80 एकड़ में फैले इस मेडिकल कॉलेज और 850 बेड के अस्पताल के शुरू होने से स्थानीय निवासियों में काफी उत्साह है। स्थानीय लोगों मोनिका और जिले सिंह का कहना है कि यह सरकार का एक सराहनीय कदम है। उन्होंने बताया कि पहले बेहतर इलाज के लिए रोहतक या जयपुर जाना पड़ता था। कई बार दुर्घटना के मामलों में लंबी दूरी के कारण घायल मरीज रास्ते में ही दम तोड़ देते थे। अब इस सुविधा से इलाके के लोगों को बेहतर इलाज के साथ-साथ छात्रों को डॉक्टरी की पढ़ाई का भी अवसर मिलेगा, जिसको लेकर लोगों ने सरकार का आभार व्यक्त किया है।
इनपुट: IANS



