जर्मनी की वर्ल्ड कप में हार: कोच नैगल्समैन ने दिया इस्तीफा, जुर्गेन क्लॉप संभाल सकते हैं टीम की कमान
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जर्मनी की टीम का सफर निराशाजनक तरीके से खत्म हो गया। राउंड ऑफ 32 में पैराग्वे के खिलाफ मिली हार के बाद टीम के हेड कोच जूलियन नैगल्समैन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। समाचार
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जर्मनी की टीम का सफर निराशाजनक तरीके से खत्म हो गया। राउंड ऑफ 32 में पैराग्वे के खिलाफ मिली हार के बाद टीम के हेड कोच जूलियन नैगल्समैन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, जर्मन फुटबॉल एसोसिएशन (डीएफबी) के साथ आपसी सहमति से यह फैसला लिया गया।
जर्मनी के खराब प्रदर्शन को देखते हुए टीम में बड़े बदलाव की उम्मीद की जा रही है, और नैगल्समैन के जाने के बाद नए कोच की तलाश शुरू हो गई है। इस दौड़ में 59 वर्षीय जुर्गेन क्लॉप का नाम सबसे आगे चल रहा है। उन्हें उस टीम की किस्मत बदलने के लिए एक बेहतरीन विकल्प माना जा रहा है, जो 2018 और 2022 वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी और इस बार भी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी।
पेनल्टी शूटआउट में टूटा बेमिसाल रिकॉर्ड
बोस्टन में पैराग्वे के खिलाफ मिली हार जर्मनी के लिए इसलिए भी दर्दनाक थी क्योंकि यह फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में पेनल्टी शूटआउट में उसकी पहली हार थी। जर्मनी को इस मुकाबले में 3-4 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। इससे पहले, टीम ने अपने सभी चार वर्ल्ड कप पेनल्टी शूटआउट जीते थे।
जर्मनी की पेनल्टी किक की सटीकता इतनी प्रसिद्ध थी कि इस मैच से पहले वर्ल्ड कप इतिहास में सिर्फ एक जर्मन खिलाड़ी, उली स्टीलिक (1982 सेमीफाइनल, फ्रांस के खिलाफ), ही पेनल्टी चूके थे। लेकिन इस बार टीम अपने शानदार रिकॉर्ड को कायम नहीं रख सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
डीएफबी की सलाह पर इस्तीफा
स्काई स्पोर्ट्स जर्मनी के अनुसार, वर्ल्ड कप में नाकामी की गहराई से समीक्षा के बाद डीएफबी नेतृत्व ने नैगल्समैन को इस्तीफा देने का सुझाव दिया था। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस सलाह को मानते हुए नैगल्समैन ने खुद पद छोड़ा, जिससे उन्हें बर्खास्त किए जाने की नौबत नहीं आई। डीएफबी के अध्यक्ष बर्न्ड न्यूएनडॉर्फ ने भी कड़े संकेत देते हुए कहा, "इतने बड़े झटके के बाद और आगे आने वाली चुनौतियों को देखते हुए हम पहले की तरह काम पर नहीं लौट सकते और न ही लौटेंगे।"
नैगल्समैन का अनुबंध 2028 यूरोपियन चैंपियनशिप तक था, जिसकी कीमत सालाना आठ मिलियन यूरो बताई जा रही है। अब सबकी निगाहें इस पर हैं कि क्या जुर्गेन क्लॉप जर्मन टीम के नए कोच की जिम्मेदारी संभालते हैं या नहीं।
इनपुट: IANS



