MP-झारखंड समेत 14 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट: राजस्थान में हीटवेव, हिमाचल प्रदेश-उत्तराखंड में ओलावृष्टि की चेतावनी; बिहार में 6 लोगों की मौत, 4 घायल h3>
नई दिल्ली8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मौसम विभाग ने सोमवार को MP-झारखंड समेत 14 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं, राजस्थान में धूलभरी आंधी के साथ हीटवेव की चेतावनी है।
बिहार में रविवार को 6 लोगों की मौत हो गई। 5 लोगों की बिजली गिरने और एक महिला की मौत पेड़ गिरने से हुई। 4 लोग घायल हैं।
राजस्थान में रविवार को तेज गर्मी का असर दिखा। रविवार को जयपुर में जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर से ज्यादा गर्मी रही। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले चार दिन प्रदेश में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
उधर, रविवार को बेंगलुरु में तेज बारिश हुई, जिससे सड़कों और घरों में पानी भर गया। तमिलनाडु के भी कई जिलों में आंधी-बारिश का दौर जारी है। हिमाचल के मंडी समेत कई जिलों में सोमवार सुबह तेज बारिश शुरू हो गई है।
मॉनसून की स्थिति
दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान द्वीप समूह और अंडमान सागर के शेष भागों तथा पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ भागों पर आगे बढ़ा है।
मौसम के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों के दौरान दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, मध्य बंगाल की खाड़ी तथा उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ भागों पर दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए सही स्थिति है।
राज्यों की मौसम की तस्वीरें
रविवार को बेंगलुरु में तेज बारिश हुई, जिससे घरों में पानी भर गया।
मध्य प्रदेश के विदिशा में रविवार रात तेज बारिश के साथ आंधी भी चली।
तमिलनाडु के त्रिची समेत कई जिलों में रविवार दोपहर के बाद मौसम बदला और बारिश हुई।
हिमाचल के मंडी में सोमवार सुबह तेज बारिश के साथ आंधी चली।
रांची में बारिश की वजह से जलभराव हो गया।
राजस्थान के झालावाड़ में रविवार को हुई तेज बारिश से मकान की छत ढह गई।
अगले 2 दिन मौसम का हाल
20 मई: असम,मेघालय, कर्नाटक, बिहार, केरल, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु में तेज बारिश हो सकती है। उत्तराखंड, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब में आंधी-बारिश का अलर्ट है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव की चेतावनी है। 21 मईः कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, असम, मेघालय, बिहार, केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में तेज बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, गोवा, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में आंधी बारिश का अलर्ट है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव की चेतावनी है।
राज्यों के मौसम का हाल…
मध्य प्रदेश: एमपी में 2 दिन तेज गर्मी, फिर लुढ़केगा पारा, 21-22 मई को पूरे प्रदेश में मौसम बदलेगा
मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग में अगले 2 दिन तेज गर्मी रहेगी। यहां के 8 जिलों में लू का अलर्ट है। वहीं, चार सिस्टम की वजह से भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नर्मदापुरम संभाग में आंधी और बारिश का दौर रहेगा। 21 और 22 मई को पूरे प्रदेश में 30 से 50km प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। पूरी खबर पढ़ें…
राजस्थान: राज्य में गर्मी का अलर्ट, 45 डिग्री तापमान पहुंचा, झालावाड़ में बरसात; छत गिरने से मां-बेटी दबीं
राजस्थान में रविवार (18 मई) को तेज गर्मी का असर दिखा। जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में IPL मैच देखने पहुंचे दर्शक गर्मी से बेहाल हो गए और स्टेडियम से बाहर लौट गए। दोपहर बाद झालावाड़ में मौसम बदला और बारिश हुई। बारिश के चलते एक मकान की छत गिर गई, जिससे मां-बेटी भी घायल हो गईं। पूरी खबर पढ़ें…
बिहार: बिजली-आंधी से 6 लोगों की मौत, आज 17 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को बिहार के 17 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इसे लेकर 12 जिलों में ऑरेंज, जबकि 5 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। इन सभी 17 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। पूरी खबर पढ़ें…
हरियाणाः आज तूफान का यलो अलर्ट;10 जिलों में होगी बरसात, गर्मी से मिलेगी राहत, पारा 45 के पार
हरियाणा के मौसम में सोमवार से बदलाव होगा। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। जिसके तहत 10 जिलों में आंधी-तूफान आएगा। वहीं 10 जिलों में बरसात की संभावना है। मौसम विभाग ने 19 मई से 22 मई तक बारिश की संभावना जताई है। पूरी खबर पढ़ें…
छत्तीसगढ़ः 21 मई तक आंधी-बारिश का यलो अलर्ट; रायपुर-दुर्ग में 50 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी
छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। अंधड़ चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटे हो सकती है। बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में इसका ज्यादा असर रहेगा। पूरी खबर पढ़ें…
झारखंडः आज भी आंधी-बारिश का अलर्ट; रांची में 60 kmph की रफ्तार से चली हवा
मौसम पूर्वानुमान का असर रविवार को राजधानी रांची सहित राज्य के अलग-अलग जिलों में देखने को मिला। रविवार सुबह से उमस वाली गर्मी सता रही थी। दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और राजधानी रांची में आंधी-तूफान के साथ जमकर बारिश हुई। कोल्हान, हजारीबाग और कोडरमा में भी बारिश हुई। पूरी खबर पढ़ें…
हिमाचलः भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट; शिमला में अंधेरा छाया, कांगड़ा में तेज बारिश के बाद बिजली गुल
हिमाचल प्रदेश में 19 मई को भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि और आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और अन्य सात जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच कांगड़ा में सुबह 5 पांच बजे बारिश के साथ तेज तूफान आया। शिमला में भी मौसम बदल गया है। पूरी खबर पढ़ें…
