मिस्र में गरजेगा भारत का 'ध्रुव' हेलीकॉप्टर, सारंग टीम दिखाएगी हवाई करतब का जौहर
भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर टीम अपने शानदार हवाई प्रदर्शन से मिस्र के आसमान में रोमांच भरने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह टीम 8 से 10 सितंबर तक आयोजित होने वाले दूसरे एल अलामीन अंतरराष्ट्रीय…
भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर टीम अपने शानदार हवाई प्रदर्शन से मिस्र के आसमान में रोमांच भरने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह टीम 8 से 10 सितंबर तक आयोजित होने वाले दूसरे एल अलामीन अंतरराष्ट्रीय एयर शो में अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएगी। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, सारंग टीम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह दुनिया की एकमात्र ऐसी टीम है जो एक साथ पांच हेलीकॉप्टरों से प्रदर्शन करती है।
यह आयोजन भारत और मिस्र के बीच बढ़ते रक्षा और कूटनीतिक संबंधों की दृष्टि से भी काफी अहमियत रखता है। इसमें दुनिया की कई प्रमुख वायु सेनाओं के साथ-साथ विमानन, रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र के विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। मिस्र के दर्शकों और दुनियाभर से आने वाले विमानन प्रेमियों के लिए सारंग टीम का प्रदर्शन मुख्य आकर्षणों में से एक रहने की उम्मीद है।
स्वदेशी तकनीक और पायलटों का कौशल
सारंग टीम का प्रदर्शन सिर्फ रोमांचक हवाई करतबों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत की स्वदेशी विमानन तकनीक और हेलीकॉप्टर निर्माण क्षमता को भी वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करता है। टीम भारत में ही डिजाइन और निर्मित किए गए उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर 'ध्रुव' का संचालन करती है। इन हेलीकॉप्टरों के जरिए पायलट बेहद कम दूरी पर और सटीक तालमेल के साथ कठिन संरचनात्मक उड़ानें भरते हैं, जो उनके उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, अनुशासन और पेशेवर दक्षता को दर्शाता है।
क्या होगा खास?
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, टीम अपने प्रसिद्ध 'डॉल्फिन लीप' करतब का प्रदर्शन करेगी। इसके अलावा, इस बार दर्शकों को एक नए हवाई करतब 'स्पॉट स्टॉल टर्न' को देखने का भी मौका मिलेगा। इन प्रदर्शनों में हेलीकॉप्टरों की सटीक उड़ान और पायलटों के बीच असाधारण समन्वय की झलक देखने को मिलती है, जहां वे पलक झपकते ही एक-दूसरे के बेहद करीब उड़ान भरते हुए अपनी दिशा बदलते हैं।
इनपुट: IANS



