MCD चुनाव 2022: 67 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए, अब मैदान में सिर्फ 1349… बीजेपी करेगी मेगा रोड शो h3>
क्षेत्रीय पार्टियों के ज्यादातर उम्मीदवारों ने नाम वापस लिया
नाम वापस लेने वालों में ज्यादातर उम्मीदवार क्षेत्रीय पार्टियों के या फिर निर्दलीय हैं। दिल्ली के तीनों प्रमुख राजनीति दलों के किसी भी उम्मीदवार ने नाम वापस नहीं लिया है। भलस्वा, कर्मपुरा और सैदुलाजाब से बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर जो लोग चुनाव लड़ रहे थे, उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया है। इसी तरह से जनता दल (यू) और कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनीन) के टिकट पर खड़े उम्मीदवार ने भी स्वेच्छा से मैदान छोड़ दिया है। काफी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवार भी नाम वापस लेकर मैदान से बाहर हो गए हैं।
बीजेपी का मेगा रोड शो आज
नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन शनिवार को था। अब मैदान में बचे उम्मीदवार पूरे दमखम के साथ चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। एमसीडी चुनाव में प्रचार के लिए रविवार को बीजेपी मेगा रोड शो का आयोजन करेगी। जिसके लिए पार्टी ने अलग-अलग समय में सभी 14 जिलों में एक साथ रोड शो का प्लान तैयार किया है। रोड शो का आयोजन शाम 4 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच में होगा। संगम विहार के हमदर्द मोड़ के पास रोड शो में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद होंगे। उनके साथ साउथ दिल्ली सांसद रमेश बिधूड़ी भी होंगे।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन शालीमार बाग स्थित हैदर मार्केट में, दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता सदर विधानसभा के फतेहपुरी से पहाड़ी धीरज तक, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा व सांसद मनोज तिवारी घोंडा विधानसभा के पांचवे पुश्ता से भजनपुरा चौक तक रोड शो की कमान संभालेंगे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर पटपड़गंज विधानसभा के श्रीराम चौक, मंडावली और विनोद नगर में रोड शो में शामिल होंगे।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा लक्ष्मी नगर के विकास मार्ग पर रोड शो में शामिल होंगे। दिनेश लाल यादव राजौरी गार्डन विधानसभा में ख्याला बस स्टैंड के पास आयोजित होने वाले रोड शो में होंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और नॉर्थ-वेस्ट के सांसद हंसराज हंस नरेला विधानसभा के रामदेव चौक के पास आयोजित होने वाले रोड शो में भाग लेंगे। इसके अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी, केंद्रीय राक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गजेंद्र सिंह शेखावत भी रोड शो में भाग लेंगे।

