पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी के काफिले पर हमला, पूर्व CM बोलीं- पुलिस के सामने फेंके गए पत्थर
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी के काफिले पर उत्तर 24 परगना जिले में हमला हुआ है। हलीशहर इलाके में गुस्साई भीड़ ने उनके वाहनों को रोककर कीचड़, पानी की…
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी के काफिले पर उत्तर 24 परगना जिले में हमला हुआ है। हलीशहर इलाके में गुस्साई भीड़ ने उनके वाहनों को रोककर कीचड़, पानी की बोतलें और जूते-चप्पल फेंके। ममता बनर्जी का आरोप है कि यह पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई और उनकी कार पर बड़े-बड़े पत्थर भी फेंके गए।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब ममता बनर्जी एक दिवंगत टीएमसी कार्यकर्ता के परिवार से मिलने जा रही थीं। कार्यकर्ता की शुक्रवार को पुलिस हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसके चलते इलाके में पहले से ही तनाव का माहौल था।
पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप
घटना के बाद मीडिया से बात करते हुए ममता बनर्जी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया, "असामाजिक तत्वों ने पुलिस के सामने ही मेरी कार पर बड़े-बड़े पत्थर फेंके। गाड़ी पर हमला इतना जबरदस्त था कि अगर खिड़कियां खुली होतीं तो मेरा सिर फट जाता। हम सब मारे जा सकते थे।" उन्होंने आगे कहा, "यह सब पुलिस के सामने हुआ। मैंने ऐसा कुछ कभी नहीं देखा। यह क्या हो रहा है?" पूर्व मुख्यमंत्री ने पुलिस पर भाजपा को सुरक्षा देने का भी आरोप लगाया।
क्या था पूरा घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार, जैसे ही ममता बनर्जी का काफिला हलीशहर पहुंचा, पहले से मौजूद प्रदर्शनकारियों ने उसे घेर लिया और आगे बढ़ने से रोक दिया। भीड़ ने ममता बनर्जी के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शन जल्द ही उग्र हो गया और उनकी गाड़ी पर कीचड़, बोतलें और जूते-चप्पल फेंके जाने लगे। हमले के वक्त बनर्जी के साथ पार्टी के अन्य सांसद भी मौजूद थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद से टीएमसी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
इनपुट: IANS



