T20 वर्ल्ड कप फाइनल: ऑस्ट्रेलिया से भिड़ने को तैयार इंग्लैंड, कप्तान ब्रंट बोलीं- 'अब हमारी टीम शांत और आत्मविश्वास से भरपूर है'
इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम रविवार को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल खेलने उतरेगी। इस बड़े मुकाबले से पहले टीम की कप्तान नट साइवर-ब्रंट ने
इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम रविवार को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल खेलने उतरेगी। इस बड़े मुकाबले से पहले टीम की कप्तान नट साइवर-ब्रंट ने अपनी टीम की तैयारियों और बदली हुई मानसिकता पर पूरा भरोसा जताया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ब्रंट का मानना है कि पिछले दो सालों में उनकी टीम काफी परिपक्व हुई है और अब दबाव झेलने के लिए पहले से कहीं ज्यादा तैयार है।
इंग्लैंड ने आखिरी बार 2009 में टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। अब एक बार फिर अपनी टीम को चैंपियन बनाने का मौका मिलने पर कप्तान ब्रंट ने कहा, "2024 के बाद हमने बहुत क्रिकेट खेली है। उस समय हम एक मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे, जिसे स्वीकार करना आसान नहीं था। लेकिन अब हमारी टीम पहले से कहीं ज्यादा शांत और आत्मविश्वास से भरी हुई है।"
दबाव में निखरी है टीम
कप्तान ने इस बात पर जोर दिया कि उनकी मौजूदा टीम दबाव की परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करना सीख चुकी है। उन्होंने कहा, "इस पूरे टूर्नामेंट में हमने कई बार दबाव झेला और हर बार उससे मजबूत होकर बाहर निकले। यही वजह है कि मुझे लगता है कि हम 2024 वाली टीम से बिल्कुल अलग हैं।" हाल ही में इंग्लैंड ने इसी मैदान पर ग्रुप मैच में वेस्टइंडीज को 38 रनों से हराया था, जिससे टीम का हौसला और बढ़ा है।
2017 फाइनल की यादें और सीख
नट साइवर-ब्रंट 2017 में लॉर्ड्स पर वनडे विश्व कप जीतने वाली इंग्लैंड टीम का भी हिस्सा थीं। उस फाइनल में भारत के खिलाफ उन्होंने 51 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। उस अनुभव को याद करते हुए उन्होंने अपने खिलाड़ियों को सलाह दी। ब्रंट ने कहा, "2017 के फाइनल से मैंने यही सीखा था कि इतने बड़े अवसर का भरपूर आनंद लेना चाहिए। हमने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत की है और अब समय है कि मैदान पर अपनी तैयारी और कौशल का प्रदर्शन करें।"
इनपुट: IANS



