मंगलवार, 11 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
महाराष्ट्र

महाराष्ट्र: दूध, तेल और मिठाइयों में मिलावट पर FDA का बड़ा एक्शन, करोड़ों का माल ज़ब्त

महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अन्न एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने एक बड़ा अभियान चलाया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, 7 से 9 अगस्त के बीच राज्य भर में की गई इस…

महाराष्ट्र: दूध, तेल और मिठाइयों में मिलावट पर FDA का बड़ा एक्शन, करोड़ों का माल ज़ब्त
(फोटो: IANS)

महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अन्न एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने एक बड़ा अभियान चलाया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, 7 से 9 अगस्त के बीच राज्य भर में की गई इस कार्रवाई में दूध, खाद्य तेल, मिठाइयों और प्रतिबंधित गुटखा समेत करोड़ों रुपये की खाद्य सामग्री ज़ब्त की गई। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए और आपराधिक मामले भी दर्ज हुए।

विज्ञापन

एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने साफ किया है कि आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मिलावटी या प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के उत्पादन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

तेल और दूध पर बड़ी कार्रवाई

अभियान के दौरान सबसे बड़ी कार्रवाई बीड जिले में हुई, जहां 6 और 7 अगस्त को पांच प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर 1.94 करोड़ रुपये मूल्य का 1,19,187.5 किलो खाद्य तेल ज़ब्त किया गया। इनमें स्वागत ऑयल इंडस्ट्रीज से 66,652.6 किलो और चरखा ऑयल मिल से 45,995.7 किलो तेल शामिल है। जांच में पुराने टिन का इस्तेमाल, लेबलिंग में गड़बड़ी और साफ-सफाई की कमी जैसी खामियां पाई गईं, जिसके बाद सभी पांचों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

इसके अलावा, राज्य भर से 1.32 करोड़ रुपये कीमत का 14,378 किलो/लीटर दूध और दूध से बने उत्पाद भी ज़ब्त किए गए।

नामी कंपनियों पर भी गिरा गाज

शिकायतों के आधार पर एफडीए ने कई जाने-माने प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की। बुलढाणा के रिलायंस रिटेल में 'लक्ष्मी नारायण' ब्रांड की काजू कतली में फफूंद और कीड़े मिलने की शिकायत पर जांच की गई। हालांकि, शिकायत वाले बैच का स्टॉक नहीं मिला, लेकिन उसी उत्पाद के दूसरे बैच के 54 बॉक्स (11.340 किलो) ज़ब्त कर लिए गए, जिनकी कीमत 10,238 रुपये थी।

मुंबई के मलाड में ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड (Blinkit) के परिसर में भारी गंदगी, कॉकरोच, गलत भंडारण और एक्सपायर्ड सामान मिलने जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद कंपनी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

अन्य जगहों पर हुई कार्रवाई

पेयजल और रस्क: जलगांव में अनिता इंडस्ट्रीज से 8.73 लाख रुपये का 87,320 लीटर पैकेज्ड पेयजल ज़ब्त किया गया। वहीं, नागपुर में अजित डिलाइट प्राइवेट लिमिटेड से 14.13 लाख रुपये मूल्य का 9,827 किलो रस्क ज़ब्त हुआ, क्योंकि उसके पैकेट पर कृत्रिम स्वीटनर से संबंधित अनिवार्य चेतावनी नहीं थी।

गुड़ और मिठाई: कोल्हापुर में वरद जैगरी में गुड़ बनाने की प्रक्रिया में स्वच्छता संबंधी खामियों के कारण 42,750 रुपये का 950 किलो माल ज़ब्त किया गया।

गुटखा-पान मसाला: प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें 10 प्रतिष्ठानों की जांच हुई। इस दौरान 8 एफआईआर दर्ज कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 63,206.50 रुपये का माल जब्त हुआ।

इनपुट: IANS

N

News4Social महाराष्ट्र डेस्क

News4Social महाराष्ट्र डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से महाराष्ट्र से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →