शनिवार, 28 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश

दवाओं के दाम छिपाना पड़ा भारी, लखनऊ के 9 बड़े अस्पतालों की फार्मेसियों के लाइसेंस सस्पेंड

लखनऊ में दवाओं की कीमतों में पारदर्शिता नहीं बरतने वाले अस्पतालों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, नियमों का पालन न…

दवाओं के दाम छिपाना पड़ा भारी, लखनऊ के 9 बड़े अस्पतालों की फार्मेसियों के लाइसेंस सस्पेंड
(फोटो: IANS)

लखनऊ में दवाओं की कीमतों में पारदर्शिता नहीं बरतने वाले अस्पतालों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, नियमों का पालन न करने पर राजधानी के 9 बड़े अस्पतालों से जुड़ी फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। यह कदम एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के उस आदेश के बाद उठाया गया है, जिसमें सभी हॉस्पिटल फार्मेसियों को दवाओं के खरीद और बिक्री मूल्य सार्वजनिक करना अनिवार्य किया गया था।

विज्ञापन

जिन 9 फार्मेसियों पर कार्रवाई हुई है, उनमें जावित्री हॉस्पिटल, टेंडर पाम, शांति राज मेडिकल्स, ग्लोब मेडिकेयर और शेखर हॉस्पिटल जैसे प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं। एफएसडीए ने कुल 13 हॉस्पिटल फार्मेसियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी, जिनमें से 9 के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए।

क्यों हुई यह कार्रवाई?

एफएसडीए ने 1 अक्टूबर 2026 को ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर (डीपीसीओ)-2013 का हवाला देते हुए एक आदेश जारी किया था। इसके तहत फार्मेसियों को दवाओं की मूल्य सूची को ऐसे स्थान पर लगाना अनिवार्य है, जहां ग्राहक उसे आसानी से देख सकें। औषधि निरीक्षकों की जांच में पाया गया कि ये फार्मेसियां इस आदेश का पालन नहीं कर रही थीं। नोटिस दिए जाने और जवाब-तलब के बाद भी जब इन फार्मेसियों ने नियमों का पालन सुनिश्चित नहीं किया, तो लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की गई।

चार अस्पतालों ने किया नियमों का पालन

इस बीच, चार अन्य अस्पताल फार्मेसियों ने कार्रवाई से बचते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित कर लिया है। इनमें मेदांता की आईपी फार्मेसी, मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, अपोलोमेडिक्स इंटरनेशनल लाइफसाइंसेज लिमिटेड और रीजेंसी हॉस्पिटल शामिल हैं। इन चारों ने अपनी वेबसाइट और क्यूआर कोड के जरिए औषधियों और मेडिकल उपकरणों की मूल्य सूची प्रदर्शित कर दी है।

पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर

एफएसडीए का यह कदम अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को राहत देने के उद्देश्य से उठाया गया है। अक्सर मरीजों के पास अस्पताल की ही फार्मेसी से दवाएं खरीदने के अलावा कोई विकल्प नहीं होता। नई व्यवस्था के तहत फार्मेसियों को एक वेबसाइट बनाकर उस पर लाइसेंस नंबर, फार्मासिस्ट का नाम, पंजीकरण संख्या और दवाओं के स्टॉक जैसी जानकारी देना अनिवार्य है। साथ ही, दवाओं के 'प्राइस टू रिटेलर' (PTR) और 'प्राइस टू कंज्यूमर' (PTC) की जानकारी सार्वजनिक होने से मरीजों को यह पता चल सकेगा कि उन्हें दवा किस कीमत पर बेची जा रही है।

प्रदेश भर में 4 दिसंबर तक चलेगा अभियान

एफएसडीए का यह विशेष निरीक्षण अभियान पूरे उत्तर प्रदेश में 4 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा। अब तक 68 जिलों की 495 हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण किया जा चुका है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो फार्मेसी निर्देशों का पालन नहीं करेगी, उसके खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत बिक्री पर रोक लगाने जैसी सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है। विभाग का मकसद फार्मेसियों के मुनाफे को नियंत्रित करना नहीं, बल्कि स्व-प्रकटीकरण के माध्यम से पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना है।

इनपुट: IANS

N

News4Social उत्तर प्रदेश डेस्क

News4Social उत्तर प्रदेश डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से उत्तर प्रदेश से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →