यूपी का पहला सरकारी मेडिकल कॉलेज: ग्रेटर नोएडा का जिम्स अब छात्रों और फैकल्टी को बनाएगा उद्यमी
ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) ने अपने मेडिकल छात्रों और फैकल्टी सदस्यों के लिए स्टार्टअप और नवाचार का रास्ता खोल दिया है। संस्थान ने भारत सरकार की 'राष्ट्रीय नवाचार एवं…
ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) ने अपने मेडिकल छात्रों और फैकल्टी सदस्यों के लिए स्टार्टअप और नवाचार का रास्ता खोल दिया है। संस्थान ने भारत सरकार की 'राष्ट्रीय नवाचार एवं स्टार्टअप नीति-2019' को लागू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस फैसले के साथ ही जिम्स यह नीति अपनाने वाला उत्तर प्रदेश का पहला सरकारी मेडिकल संस्थान बन गया है।
यह ऐतिहासिक निर्णय संस्थान की 11वीं गवर्निंग बॉडी की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव ने की। इस कदम को चिकित्सा शिक्षा, शोध और स्वास्थ्य सेवाओं में उद्यमिता को संस्थागत रूप देने की एक बड़ी पहल के तौर पर देखा जा रहा है। दिलचस्प है कि यह फैसला दिल्ली स्थित एम्स द्वारा अपनी फैकल्टी एंटरप्रेन्योरशिप पॉलिसी पेश किए जाने के लगभग एक सप्ताह बाद आया है, जिससे राज्य में मेडिकल इनोवेशन के लिए नई संभावनाएं पैदा हुई हैं।
नवाचार और आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा
इस नीति का मुख्य उद्देश्य मेडिकल विद्यार्थियों, डॉक्टरों और शोधकर्ताओं को उनके विचारों और क्लिनिकल अनुभव को व्यावहारिक तकनीक और स्टार्टअप में बदलने के लिए एक मंच प्रदान करना है। इसके लागू होने से चिकित्सा के क्षेत्र में नए प्रयोगों, स्वदेशी मेडिकल उपकरणों के विकास, बौद्धिक संपदा अधिकारों के संरक्षण और तकनीकी उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलेगा। अब मेडिकल छात्र और डॉक्टर सिर्फ उपलब्ध तकनीक का इस्तेमाल नहीं करेंगे, बल्कि नई तकनीक के विचार, डिजाइन और विकास में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
संस्थान में पहले से मौजूद इनोवेशन इकोसिस्टम
जिम्स में मेडिकल इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए पहले से ही एक मजबूत ढाँचा मौजूद है। संस्थान में सेंटर फॉर मेडिकल इनोवेशन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा समर्थित इनक्यूबेशन पहल, और ब्रिक्स बायोनेस्ट व एसटीपीआई मेडटेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के साथ सहयोग जैसी व्यवस्थाएं काम कर रही हैं। नई नीति के लागू होने से इन सभी प्रयासों को संस्थागत मजबूती मिलेगी। संस्थान का लक्ष्य डॉक्टरों, इंजीनियरों और उद्यमियों को एक साथ लाकर देश की स्वास्थ्य चुनौतियों का स्वदेशी समाधान खोजना है।
'डॉक्टर सिर्फ यूजर नहीं, आविष्कारक भी बनें'
जिम्स के निदेशक, ब्रिगेडियर डॉ. राकेश गुप्ता ने इस फैसले को "चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार को बढ़ावा देने वाला दूरदर्शी कदम" बताया। उन्होंने कहा कि मेडिकल संस्थानों को सिर्फ डॉक्टर तैयार नहीं करने चाहिए, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान करने वाले नवाचारों का केंद्र भी बनना चाहिए।
इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए सेंटर फॉर मेडिकल इनोवेशन, जिम्स के सीईओ डॉ. राहुल सिंह ने कहा कि डॉक्टरों को "केवल तकनीक का उपयोगकर्ता नहीं, बल्कि उसके विचार, डिजाइन, विकास और क्लिनिकल वैलिडेशन की प्रक्रिया में भी सक्रिय भागीदार होना चाहिए।" उन्होंने उम्मीद जताई कि यह नीति क्लिनिकल समस्याओं को सफल हेल्थटेक उद्यमों में बदलने का रास्ता मजबूत करेगी।
इनपुट: IANS



