कुलगाम आतंकी हमला: राजनीतिक दलों ने की कड़ी निंदा, बोले - 'किसी को बख्शा नहीं जाएगा'
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया आई है। शिवसेना के प्रवक्ता आनंद दुबे ने दो टूक कहा है कि हमले में शामिल किसी भी आतंकी को…
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया आई है। शिवसेना के प्रवक्ता आनंद दुबे ने दो टूक कहा है कि हमले में शामिल किसी भी आतंकी को बख्शा नहीं जाएगा और सेना उन्हें उनके अंजाम तक पहुंचाएगी। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, भाजपा और मानवाधिकार संगठनों ने भी पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
आतंकवाद पर चौतरफा हमला
शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने हमले को अत्यंत निंदनीय बताते हुए कहा, "हमारी सेना सर्च ऑपरेशन चला रही है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जब तक सभी जिम्मेदार लोगों को 72 हूरों के पास नहीं भेज दिया जाता, तब तक सेना चैन से नहीं बैठेगी।" उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान सुधरने को तैयार नहीं है, इसलिए उसके साथ संबंध नहीं रखने चाहिए क्योंकि "खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।"
वहीं, भाजपा नेता मोहम्मद सलीम भट ने जम्मू-कश्मीर में बार-बार हो रही ऐसी "कायराना हरकतों" पर अफसोस जताया। उन्होंने पहलगाम और किश्तवाड़ की घटनाओं का जिक्र करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत पर बल दिया। भट ने कहा, "जब इन्हें प्यार की भाषा समझ नहीं आ रही है, तो अब इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है। हिंदुस्तान की सेना ऐसे तत्वों को ढूंढ़-ढूंढ़कर कानून के दायरे में लाएगी और उन्हें उनके अंजाम तक पहुंचाएगी।"
'पाकिस्तान ने खड़ी की आतंक की इंडस्ट्री'
कश्मीर में आतंक पीड़ितों के संघ की अध्यक्ष और मानवाधिकार रक्षक तस्लीमा अख्तर ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान ने आतंकवाद की एक बहुत बड़ी उद्योग खड़ी कर रखी है, जिसका मकसद पूरी दुनिया में, खासकर जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में, भय और दहशत फैलाना है।" उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपने कब्जे वाले क्षेत्रों (PoJK) को भी नहीं संभाल पा रहा है, जहां निर्दोष लोगों की हत्याएं हो रही हैं।
तस्लीमा ने सवाल उठाया कि जब पाकिस्तान अपने ही लोगों के साथ अत्याचार कर रहा है तो उसके साथ संवाद की क्या गुंजाइश है। उन्होंने कहा, "संवाद तो अमन और विकास के साथ होता है... जहां आतंकवाद की सोच हो और जहां आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली व्यवस्था हो, वहां संवाद की गुंजाइश ही क्या है?" उन्होंने कुलगाम हमले में घायल हुए जवानों के जल्द स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की।
इनपुट: IANS



