बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के दो बड़े ऑपरेशन, मेजर समेत 5 की मौत, भारी हथियार बरामद
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर कई बड़े ऑपरेशन किए, जिनमें एक मेजर समेत कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, सेना…
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर कई बड़े ऑपरेशन किए, जिनमें एक मेजर समेत कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने सोमवार को बताया कि इन अभियानों के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई बलूचिस्तान के अलग-अलग जिलों में लड़ाकों की मौजूदगी की खबर मिलने के बाद की गई। पाकिस्तानी सेना के अनुसार, ये संगठन 'फितना अल हिंदुस्तान' का हिस्सा हैं, जिसके जरिए पाकिस्तान देश में अस्थिरता के लिए भारत पर कथित भूमिका का आरोप लगाता रहा है।
ऑपरेशन और हताहतों का ब्योरा
आईएसपीआर ने बताया कि पहला ऑपरेशन 18 अक्टूबर को कलात जिले के जट्टकाबाद इलाके में चलाया गया था। इस कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने एक लड़ाका संगठन के चार सदस्यों को मार गिराया। वहीं, दूसरी घटना ग्वादर जिले के शादी कौर और पसनी इलाकों में हुई, जहां तलाशी और सफाई अभियान चलाया गया।
इस दूसरे अभियान का नेतृत्व कर रहे 34 वर्षीय मेजर वजाहत वहीद एक आईईडी विस्फोट में मारे गए। वह लाहौर के रहने वाले थे। आईएसपीआर ने पुष्टि की है कि इलाके में अभी भी कई लड़ाकों के छिपे होने की आशंका के चलते ऑपरेशन जारी है।
जारी रहेगी कार्रवाई
सेना ने कहा है कि राष्ट्रीय कार्य योजना की संघीय शीर्ष समिति द्वारा अनुमोदित रणनीति के तहत यह अभियान पूरी गति से जारी रहेगा। बयान में यह भी कहा गया कि सुरक्षा बल देश से विदेशी समर्थन प्राप्त खतरों को खत्म करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने अपने अभियान तेज कर दिए हैं। इससे एक दिन पहले भी क्वेटा, नुश्की और खुजदार जिलों में आठ लड़ाकों को मार गिराया गया था। वहीं, 12-13 अक्टूबर की रात वाशुक में एक अन्य खुफिया ऑपरेशन में पांच लड़ाकों को ढेर किया गया था।
इनपुट: IANS



