ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होगा भारतीय प्रतिनिधिमंडल, विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि
ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता ग्रैंड अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल तेहरान जाएगा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, विदेश मंत्र
ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता ग्रैंड अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल तेहरान जाएगा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान जारी कर बताया कि बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे।
यह प्रतिनिधिमंडल 3 जुलाई को ईरान के लिए रवाना होगा। मंत्रालय ने इस यात्रा को भारत और ईरान के बीच सदियों पुराने सभ्यतागत संबंधों और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे जुड़ाव का प्रतीक बताया है। बयान में कहा गया है कि यही रिश्ते दोनों देशों के बीच राजनीतिक और आर्थिक सहयोग की मजबूत बुनियाद भी हैं।
श्रद्धांजलि और रस्में
ईरान में खामेनेई के अंतिम संस्कार (तदफीन) की रस्में 4 जुलाई से 9 जुलाई के बीच अदा की जाएंगी। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, दुनिया भर से आने वाले नेताओं और प्रतिनिधिमंडलों की मौजूदगी में तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला परिसर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी, जहाँ अंतिम तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
अन्य भारतीय आमंत्रित
भारत के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के अलावा, ईरान ने विभिन्न राजनीतिक दलों को भी इस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पहले ही ईरान रवाना हो चुकी हैं। इसके अतिरिक्त, जैन मुनि लोकेश को भी न्योता मिला है और उन्होंने अमेरिका से सीधे तेहरान पहुंचने की जानकारी दी है।
ईरान के राष्ट्रपति का संदेश
इस बीच, न्यूज एजेंसी तसनीम ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन का एक संदेश जारी किया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा, "खामेनेई की मौत ने साबित किया है कि ईरान की व्यवस्था आस्था, आदर्शों और देश की जनता की मजबूत इच्छाशक्ति पर टिकी हुई है।" राष्ट्रपति ने सभी ईरानियों से जातीय, धार्मिक या राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर अंतिम संस्कार में शामिल होने की अपील की, ताकि दुनिया के सामने ईरान की एकजुटता का प्रदर्शन हो सके।
इनपुट: IANS



