कांवड़ यात्रा 2024: नमो भारत ट्रेन का बड़ा ऐलान, यात्रियों को हर 8 मिनट पर मिलेगी सर्विस
कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-मेरठ रूट पर सड़क यातायात की चुनौतियों को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने नमो भारत ट्रेन की सेवाओं में बड़ा इज़ाफ़ा करने का फैसला किया है…
कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-मेरठ रूट पर सड़क यातायात की चुनौतियों को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने नमो भारत ट्रेन की सेवाओं में बड़ा इज़ाफ़ा करने का फैसला किया है। 30 जुलाई से शुरू हो रही इस यात्रा के मद्देनज़र, यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ाई जा रही है, जिससे अब हर 8 मिनट में एक ट्रेन उपलब्ध होगी।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह व्यवस्था 30 जुलाई से 14 अगस्त तक लागू रहेगी। इस अवधि में सराय काले खां से मोदीपुरम तक के पूरे कॉरिडोर पर प्रतिदिन 52 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स का संचालन किया जाएगा। वर्तमान में यात्रियों को हर 10 मिनट के अंतराल पर ट्रेन मिलती है, जिसे अब घटाकर 8 मिनट कर दिया गया है।
सड़क जाम से राहत की उम्मीद
श्रावण मास में होने वाली कांवड़ यात्रा के चलते दिल्ली, गाजियादाबाद और मेरठ के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक या तो एक तरफा कर दिया जाता है या पूरी तरह बंद कर दिया जाता है। इससे बसों और निजी वाहनों से यात्रा करने वालों को भारी जाम और देरी का सामना करना पड़ता है। एनसीआरटीसी का अनुमान है कि सड़क पर इन प्रतिबंधों के कारण नमो भारत के यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। फिलहाल इस कॉरिडोर पर औसतन करीब एक लाख लोग रोजाना सफर करते हैं।
यात्रियों और सुरक्षा की तैयारी
बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए एनसीआरटीसी ने यह कदम उठाया है। निगम ने यह भी कहा है कि यदि ज़रूरत पड़ी तो यात्रियों की संख्या को देखते हुए ट्रेनों की आवृत्ति और भी बढ़ाई जा सकती है। यह सुविधा विशेष रूप से उन दैनिक यात्रियों, कर्मचारियों, छात्रों और व्यापारियों के लिए फायदेमंद होगी, जो सड़क जाम से बचकर समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचना चाहते हैं।
इसके अलावा, मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच चलने वाली मेरठ मेट्रो सेवा भी शहर के भीतर यात्रा को सुगम बनाएगी। एनसीआरटीसी ने यात्रियों को सूचित किया है कि कुछ स्टेशनों पर सड़क बंद होने के कारण पार्किंग की सुविधा अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकती है, जिसकी जानकारी पहले से दी जाएगी। यात्रा के दौरान सुरक्षित और निर्बाध संचालन के लिए दिल्ली में सीआईएसएफ और उत्तर प्रदेश में यूपीएसएसएफ के सहयोग से विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं।
इनपुट: IANS



