झारखंड: अंधविश्वास और पारिवारिक विवाद में बच्ची की हत्या, चाची समेत तीन रिश्तेदार गिरफ्तार
झारखंड के चतरा जिले में एक नाबालिग बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस वारदात को पारिवारिक विवाद और अंधविश्वास के चलते अंजाम दिया गया था…
झारखंड के चतरा जिले में एक नाबालिग बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस वारदात को पारिवारिक विवाद और अंधविश्वास के चलते अंजाम दिया गया था। पुलिस ने बच्ची की चाची समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
यह मामला चतरा के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चट्टी अनंतपुर गांव का है। बच्ची की माँ सिताबिया देवी ने 11 नवंबर को अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने कांड संख्या 103/2026 दर्ज कर जांच के लिए चतरा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया।
झाड़ियों में मिला बच्ची का शव
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने बताया कि लगातार छानबीन के बाद 13 नवंबर को बच्ची का शव उसके घर से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों और धान के खेत से बरामद किया गया। जांच में यह बात सामने आई कि बच्ची के माता-पिता का आरोपियों के साथ पहले से ही विवाद चल रहा था।
दीपावली की रात हुई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, बच्ची की चाची सोहरी देवी झाड़-फूंक और ओझा-गुनी का काम करती थी। आरोप है कि उसने अपने भैंसुर (पति के बड़े भाई) बिंदु भारती और बेटे जुगेश भारती के साथ मिलकर दीपावली की अमावस्या की रात को बच्ची की हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों—सोहरी देवी, बिंदु भारती और जुगेश भारती—को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है ताकि हत्या के पीछे की अन्य वजहों का भी पता लगाया जा सके।
इनपुट: IANS



