जमुई छात्रा छेड़छाड़ कांड: प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी से पूछा — यह कैसा 'मंगल राज' है?
बिहार के जमुई में एक नाबालिग छात्रा से सरेआम हुई छेड़छाड़ की घटना ने राज्य की सियासत को गरमा दिया है। इस मामले पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी सरकार…
बिहार के जमुई में एक नाबालिग छात्रा से सरेआम हुई छेड़छाड़ की घटना ने राज्य की सियासत को गरमा दिया है। इस मामले पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूछा है कि अगर पहले 'जंगल राज' था, तो यह कौन सा 'मंगल राज' है, जहां लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं।
समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि इस घटना ने समाज से सरकार का डर खत्म हो जाने का संकेत दिया है। उन्होंने कहा, “यह बहुत भयानक और डरावना है... जिन लोगों ने खुद को 'सोशल मोरल पुलिस' मान लिया है और एक नाबालिग लड़की के साथ ऐसा अपराध किया, और फिर उसका वीडियो बनाकर जारी किया, उससे पता चलता है कि समाज से सरकार का डर कहीं न कहीं पूरी तरह खत्म हो गया है।”
कानून और व्यवस्था पर सवाल
किशोर ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रोज कहते हैं कि कोई किसी को छुएगा तो वह इस्तीफा दे देंगे, लेकिन यह घटना तीन-चार दिन पुरानी होने के बावजूद किसी को भनक तक नहीं लगी। उन्होंने कहा कि अगर अपराधी खुद वीडियो जारी नहीं करते तो शायद यह मामला सामने ही नहीं आता।
पीके ने नाबालिग आरोपी की गिरफ्तारी पर भी व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा। बाद में उसे रिहा कर दिया जाएगा... बिहार के लोग अब देखेंगे कि ऐसे जघन्य अपराध करने वाले नाबालिग भी कुछ समय बाद रिहा हो जाएंगे।” उन्होंने इसी संदर्भ में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा, “यही बात सम्राट चौधरी पर भी लागू होती है। जिन लोगों ने अपराध किए, वे इसलिए छूट गए क्योंकि उन्होंने नाबालिग होने का दावा किया था।”
'छिटपुट नहीं, लगातार हो रहीं घटनाएं'
प्रशांत किशोर ने मंत्री श्रवण कुमार के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें ऐसी घटनाओं को 'छिटपुट' बताया गया था। उन्होंने कहा, “अगर यह कोई इक्का-दुक्का घटना है, तो फिर नीट छात्र वाली घटना क्या थी? बेगूसराय की वह घटना क्या थी...? रोशन यादव, बंटी यादव और कई अन्य लोगों की हत्याएं क्या थीं? अगर यह 'छिटपुट' घटना है तो गंभीर घटना क्या है, वो बता दो।”
उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि जो लोग अपराध और अपराधियों को संरक्षण देकर वोट से मजबूत करेंगे, वे अपराध-मुक्त समाज की कल्पना नहीं कर सकते। किशोर ने कहा कि जो 20 साल से 'जंगल राज' का डर दिखाकर सत्ता में हैं, उन्हें अब जवाब देना होगा कि यह कैसा शासन है जहां लड़कियों से खुलेआम छेड़छाड़ और हत्याएं हो रही हैं।
इनपुट: IANS



