ईरान की नज़र ब्रिक्स के न्यू डेवलपमेंट बैंक पर, जल्द शामिल होने की उम्मीद
ईरान जल्द ही ब्रिक्स देशों द्वारा स्थापित न्यू डेवलपमेंट बैंक (एनडीबी) का सदस्य बन सकता है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सेंट्रल बैंक के गवर्नर अब्दोलनासेर हेम्मती ने यह…
ईरान जल्द ही ब्रिक्स देशों द्वारा स्थापित न्यू डेवलपमेंट बैंक (एनडीबी) का सदस्य बन सकता है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सेंट्रल बैंक के गवर्नर अब्दोलनासेर हेम्मती ने यह जानकारी दी है। यह घोषणा भारत के जयपुर में 12-13 अगस्त को आयोजित ब्रिक्स वित्त मंत्रियों और सेंट्रल बैंक गवर्नर्स (FMCBG) की बैठक से ठीक पहले आई।
साल 2024 में ब्रिक्स समूह में शामिल होने के बाद, ईरान अब इसके वित्तीय ढांचे का हिस्सा बनने की तैयारी कर रहा है। न्यू डेवलपमेंट बैंक में सदस्यता मिलने से ईरान को बहुपक्षीय विकास वित्त के नए रास्ते मिल सकते हैं और ब्रिक्स देशों के साथ उसके आर्थिक संबंध और गहरे हो सकते हैं।
बैंक और ईरान का पक्ष
हालांकि, ईरान के इस दावे पर बैंक की ओर से तत्काल कोई पुष्टि नहीं की गई है। रॉयटर्स के मुताबिक, न्यू डेवलपमेंट बैंक के कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस विभाग ने ईरान के जल्द शामिल होने की खबर पर कोई टिप्पणी नहीं की है। दूसरी ओर, ईरान अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के कारण डॉलर-आधारित वित्तीय प्रणाली के बाहर विकल्प तलाश रहा है, जिससे एनडीबी की सदस्यता उसके लिए महत्वपूर्ण हो जाती है।
क्या है न्यू डेवलपमेंट बैंक?
न्यू डेवलपमेंट बैंक की स्थापना 2015 में ब्रिक्स के संस्थापक देशों — ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका — ने मिलकर की थी। इसका मुख्य उद्देश्य सदस्य देशों और अन्य उभरती अर्थव्यवस्थाओं में बुनियादी ढांचे और सतत विकास से जुड़ी परियोजनाओं के लिए वित्तीय संसाधन जुटाना है। संयुक्त अरब अमीरात और मिस्र जैसे देश पहले ही इसमें शामिल हो चुके हैं।
प्रतिबंध और वित्तीय चुनौतियाँ
ईरान लंबे समय से अमेरिकी प्रतिबंधों का सामना कर रहा है, जिसकी शुरुआत 1979 में तेहरान में अमेरिकी दूतावास में बंधक संकट के बाद हुई थी। इन प्रतिबंधों के तहत अमेरिका और अन्य देशों ने दशकों से ईरान की संपत्तियों को फ्रीज किया हुआ है। हाल ही में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की वित्तीय स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि देश उधार लेने के लिए संघर्ष कर रहा है और दावा किया, "मैं उनका बैंकर हूं।"
इनपुट: IANS



