इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ा कंटेंट: NHRC ने मेटा और 8 राज्यों की पुलिस को भेजा नोटिस
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री (CSAM) के प्रसार पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने कड़ा रुख अपनाया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक…
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री (CSAM) के प्रसार पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने कड़ा रुख अपनाया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक हफ्ते में ऐसे 50 से ज़्यादा मामले सामने आने के बाद आयोग ने मेटा, केंद्र सरकार के आईटी मंत्रालय और आठ राज्यों के पुलिस प्रमुखों को नोटिस जारी किया है।
आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने बताया कि पिछले सात दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें बच्चों के साथ बलात्कार और यौन शोषण के वीडियो बनाकर उन्हें इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया। उन्होंने इसे एक 'गंभीर अपराध' बताया है।
कानूनी कार्रवाई के निर्देश
NHRC ने पंजाब, दिल्ली, तेलंगाना और महाराष्ट्र समेत कुल 8 राज्यों के पुलिस महानिदेशकों (DGP) को नोटिस भेजकर तत्काल FIR दर्ज करने और कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही, आयोग ने सीधे इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा को भी नोटिस भेजा है। इस नोटिस में प्लेटफॉर्म को अपनी ज़िम्मेदारी समझने और भारत के आईटी नियमों के तहत ऐसे अवैध कंटेंट को तुरंत हटाने के लिए कहा गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को भी सूचित किया गया है ताकि केंद्र स्तर पर इस मुद्दे की निगरानी बढ़ाई जा सके।
नागरिकों से सहयोग की अपील
प्रियांक कानूनगो ने देश के नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे मामलों पर चुप न रहें। उन्होंने कहा, "यदि कहीं भी चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज मैटेरियल दिखाई देता है तो नजदीकी थाने में रिपोर्ट जरूर करें। यदि पुलिस कार्रवाई न करे तो आयोग से संपर्क करें।" उन्होंने उम्मीद जताई कि जनता की जागरूकता और रिपोर्टिंग से ऐसे और मामले सामने आएंगे और अपराधियों पर उचित कार्रवाई की जा सकेगी।
इनपुट: IANS



