इंदौर जल त्रासदी: 36 मौतों के ज़िम्मेदार अफसर की बहाली पर भड़की कांग्रेस, उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इंदौर के भागीरथपुरा में हुए दूषित जल कांड को लेकर राज्य की मोहन यादव सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि जिस अधिकारी को जांच…
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इंदौर के भागीरथपुरा में हुए दूषित जल कांड को लेकर राज्य की मोहन यादव सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि जिस अधिकारी को जांच आयोग ने 36 लोगों की मौत का सबसे बड़ा ज़िम्मेदार माना था, उसे सरकार ने न केवल बहाल किया, बल्कि एक महत्वपूर्ण पद पर भी तैनात कर दिया है।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सिंघार ने सोशल मीडिया के ज़रिए यह मुद्दा उठाते हुए पूछा कि भागीरथपुरा में 36 मौतों का असली ज़िम्मेदार कौन है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि 36 मृतकों और उनके परिवारों के साथ अन्याय है।
जांच रिपोर्ट और अधिकारी की बहाली
उमंग सिंघार ने याद दिलाया कि दिसंबर 2025 में भागीरथपुरा में दूषित पानी की आपूर्ति के कारण बड़े पैमाने पर लोग बीमार पड़े थे, जिससे मौतों का सिलसिला शुरू हो गया था। इस घटना के बाद बनी जांच आयोग की 600 पन्नों की रिपोर्ट में अफसरों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए गए थे।
उन्होंने बताया कि रिपोर्ट में तत्कालीन कार्यपालन यंत्री संजीव कुमार श्रीवास्तव को इस कांड का सबसे बड़ा ज़िम्मेदार माना गया था। सिंघार के अनुसार, इसके बावजूद भाजपा सरकार ने श्रीवास्तव की सेवा बहाल कर दी है और अब वे लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय में पदस्थ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मामले से जुड़े दो अन्य अफसर कलेक्टर बन गए।
सरकार से पूछे सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने सीधे मुख्यमंत्री मोहन यादव से सवाल किया, "अगर 36 मौतों के बाद भी ज़िम्मेदार अफसरों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तो फिर जवाबदेही किसकी है?" उन्होंने कहा कि मोहन यादव सरकार में जवाबदेही तय करने के बजाय अफसरों को राहत दी जा रही है। गौरतलब है कि इस मामले ने उस समय काफी राजनीतिक तूल पकड़ा था और कांग्रेस ने नगर निगम से लेकर राज्य सरकार तक पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद कुछ अधिकारियों पर कार्रवाई भी हुई थी।
इनपुट: IANS



