Indian Auto Industry: दुनिया की हर मर्सिडीज कार का है भारत के साथ नाता, जानिए कंपनी के चेयरमैन ने क्यों कहा ऐसा!
मर्सिडीज की पहले गैर-जर्मन सीईओ और चेयरमैन कैलेनियस ने टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ इंटरव्यू में कहा कि कार इंडस्ट्री में अगले फेज की ग्रोथ और इनोवेशन के लिए भारत सबसे अहम है। कार इंडस्ट्री भविष्य भारत पर टिका है। उन्होंने कहा कि मर्सिडीज के लिए भारत दुनियाभर में सबसे तेजी से बढ़ रहे बाजारों में से एक है। मर्सिडीज भारत में प्रीमियम कार बनाने की शुरुआत करने वाली पहली कंपनी थी। भारत में पिछले साल करीब 38 लाख कारें बिकीं। इनमें से एक फीसदी अपर-प्रीमियम कैटगरी की कारें थीं। इस सेगमेंट में मर्सिडीज लीडर है। भारत लगातार समृद्ध हो रहा है और भविष्य भारत का है। इसका फायदा मर्सिडीज को भी मिलेगा।
हर तरफ भारत का जलवा
बेंगलूरु में मर्सिडीज का इनोवेशन सेंटर है। इसके बारे में कैलेनियस ने कहा कि कंपनी की कई नई टेक्नोलॉजी बेंगलूरु में डिजाइन की गई है। वहां शानदार काम हो रहा है। 26 साल पहले जब हमने भारत में एंट्री मारी थी तब ऑटो इंडस्ट्री में भारत का ज्यादा नाम नहीं था। अब हमारा भारत से गहरा नाता जुड़ गया है। यहां विकसित की जा रही टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल दुनियाभर में हमारी गाड़ियों में हो रहा है। बेंगलूरु सेंटर की हमारे लिए कितनी अहमियत है, इसे इस बात से समझा जा सकता है कि दुनियाभर में कहीं भी बिकने वाली गाड़ी में आपको भारत का टच मिलेगा।
यह पूछने पर कि वह दुनिया की सबसे मूल्यवान ऑटो कंपनी टेस्ला (Tesla) के मालिक एलन मस्क (Elon Musk) के बारे में क्या सोचते हैं, कैलेनियस ने कहा कि वह दूसरे लोगों पर टिप्पणी नहीं करते हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि वह एक विजिनरी हैं और उन्होंने ऑटो इंडस्ट्री में बदलाव की रफ्तार तेज की है। इसमें कोई दोराय नहीं है कि भविष्य इलेक्ट्रिक कारों का है। इसलिए 2019 में हमने इस दिशा में काम करना शुरू किया था। साल 2025 के बाद हमारी सभी गाड़ियां इलेक्ट्रिक होंगी। हम इलेक्ट्रिक फर्स्ट से इलेक्ट्रिक ऑनली की दिशा में बढ़ रहे हैं।
दोगुनी हो जाएगी बिक्री
मर्सिडीज बेंज ने पिछले साल भारत में रेकॉर्ड 15,822 गाड़ियां बेची थीं। यह 2021 के मुकाबले 41 फीसदी अधिक है। अभी देश के लग्जरी कार मार्केट में इस जर्मन कंपनी की 51 फीसदी हिस्सेदारी है। कैलेनियस ने दावा किया कि अगले कुछ साल में भारत में कंपनी की बिक्री दोगुनी हो जाएगी। उन्होंने कहा, ‘इंडियन मार्केट हमारे लिए अहम है। यहां काफी संभावनाएं हैं। इतना ही नहीं, दुनियाभर में हमारी स्ट्रैटजी में भारत की अहम भूमिका है।’