IMD Cold Wave: शिमला-मसूरी से भी ज्यादा ठंडी दिल्ली, NCR में आज भी शीतलहर का अलर्ट
आज मौसम कैसा रहेगा? कब तक मिलेगी ठंड से राहत
शुक्रवार को आसमान साफ रहेगा, मध्यम से घना कोहरा रह सकता है। कुछ जगहों पर शीत लहर का प्रभाव रहेगा। अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास रहेगा। इसके बाद 7 जनवरी से राजधानी को शीत लहर की स्थिति से राहत मिल सकती है। अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद तापमान में लगातार सुधार होगा। 9 जनवरी को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा। 11 जनवरी को भी यह 20 और 9 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। स्काईमेट के अनुसार, पहाड़ों पर एक ताजा वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है। इसकी वजह से 7 जनवरी से हालात में सुधार होंगे।
दिल्ली में अगले 7 दिन के मौसम का हाल
पहाड़ों से ठंडी रही दिल्ली
राजधानी के लोग आमतौर पर सर्दियों के मौसम का मजा लेने हिल स्टेशन जाते हैं। लेकिन इस समय राजधानी दिल्ली हिल स्टेशनों से अधिक ठंडी बनी हुई है। गुरुवार को डलहौजी का न्यूनतम तापमान 4.9, धर्मशाला का 5.2 डिग्री, शिमला का 3.7 डिग्री और मसूरी का 4.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि राजधानी के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री से नीचे चला गया।
गुड़गांव में ठंड का रेड अलर्ट
दक्षिण हरियाणा शीतलहर की चपेट में है। शुक्रवार को भी घना कोहरा और दिन भर शीतलहर जारी रहेगी। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के चलते शुक्रवार के बाद कोहरे से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन इस दौरान सर्दी का कहर जारी रहेगा। मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक डॉ़ मनमोहन सिंह ने बताया कि अगले 4 दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान आसमान पर बादल रहेंगे, लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है। गुड़गांव समेत आसपास के क्षेत्र में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। इसलिए ठंड का रेड अलर्ट जारी किया गया है। सुबह घने कोहरे की परत छाई रही, जिससे दृश्यता कम हो गई। उन्होंने कहा कि अभी कुछ दिन और शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा।

