IIT दिल्ली: M.Sc. के छात्र ने लेक्चर हॉल की छठी मंज़िल से लगाई छलांग, पुलिस जांच में जुटी
देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली के परिसर में मंगलवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। भौतिकी में एमएससी कर रहे दूसरे वर्ष के एक छात्र ने शैक्षणिक परिसर की इमारत से कूदकर अपनी…
देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली के परिसर में मंगलवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। भौतिकी में एमएससी कर रहे दूसरे वर्ष के एक छात्र ने शैक्षणिक परिसर की इमारत से कूदकर अपनी जान दे दी। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना के बाद कैंपस में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक छात्र की पहचान ऋषिकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 8:33 बजे किशनगढ़ थाने में एक पीसीआर कॉल के ज़रिए सूचना मिली कि IIT कैंपस में एक छात्र इमारत से कूद गया है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल छात्र को कैंपस के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटनाक्रम और शुरुआती जांच
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ऋषिकेश सुबह लगभग 8 बजे मुख्य द्वार से IIT परिसर में दाखिल हुए थे। इसके बाद वह लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स गए, लिफ्ट से छठी मंजिल पर पहुंचे और वहां से नीचे छलांग लगा दी।
पुलिस ने बताया कि क्राइम और फॉरेंसिक टीमों को मौके पर बुलाकर सबूत इकट्ठा किए गए हैं। छात्र के शरीर पर गिरने से लगी चोटों के अलावा कोई अन्य ज़ाहिर निशान नहीं मिला है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसकी जांच नियमानुसार की जाएगी।
कैंपस के बाहर रह रहा था छात्र
IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, ऋषिकेश कुमार शालीमार स्थित शिवालिक हॉस्टल में रहते थे, लेकिन फिलहाल वह अपनी मां के साथ कैंपस के बाहर ही रह रहे थे। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए संस्थान से छात्र के काउंसलिंग रिकॉर्ड और अन्य ज़रूरी जानकारी भी जुटा रही है।
इनपुट: IANS



