दिल्ली: छठ से पहले यमुना में मिलीं मरी हुईं मछलियां, सरकार ने 'साजिश' बताकर FIR के निर्देश दिए
दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में छठ महापर्व से ठीक पहले यमुना नदी में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां मिलने से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। दिल्ली सरकार ने इस घटना को एक 'सुनियोजित साजिश' करार देते…
दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में छठ महापर्व से ठीक पहले यमुना नदी में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां मिलने से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। दिल्ली सरकार ने इस घटना को एक 'सुनियोजित साजिश' करार देते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। सरकार का आरोप है कि छठ पूजा से पहले उसकी छवि खराब करने के इरादे से यह किया गया है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने मछली बाजारों से मरी हुई मछलियां लाकर जानबूझकर यमुना में फेंकी हैं। उन्होंने कहा कि इसका मकसद छठ पर्व से पहले सरकार की छवि को धूमिल करना है। इस मामले में मंत्री ने सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग को दिल्ली पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया है।
पुलिस से जांच की मांग
विभाग के कार्यकारी अभियंता सोमनाथ कश्यप ने 12 नवंबर को सोनिया विहार थाने के एसएचओ को एक पत्र लिखकर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया है। पत्र में कहा गया है कि कुछ शरारती तत्व जानबूझकर यमुना में मरी मछलियां डाल रहे हैं ताकि सरकार की छवि खराब की जा सके।
पत्र में इस बात का भी उल्लेख है कि 15 और 16 नवंबर को छठ पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुना के घाटों पर पूजा-अर्चना के लिए आएंगे। विभाग ने पुलिस से आग्रह किया है कि वे ऐसे गैरकानूनी और असामाजिक तत्वों की पहचान करें जो श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करें।
छठ पर्व की तैयारियों के बीच घटना
दिल्ली सरकार के मुताबिक, इस वर्ष छठ महापर्व के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। यमुना के घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सफाई और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सरकार का मानना है कि ऐसे में नदी में मरी हुई मछलियां फेंकना उसके प्रयासों को बदनाम करने की एक कोशिश है।
इनपुट: IANS



