चलती बस में किशोरी से गैंगरेप: महिला आयोग ने की फास्ट-ट्रैक ट्रायल की मांग, दोनों आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली महिला आयोग (DCW) ने ग्रेटर नोएडा में एक चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय किशोरी के साथ हुए सामूहिक बलात्कार की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता ने सोमवार को इस घिनौने…
दिल्ली महिला आयोग (DCW) ने ग्रेटर नोएडा में एक चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय किशोरी के साथ हुए सामूहिक बलात्कार की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता ने सोमवार को इस घिनौने अपराध की निंदा करते हुए आरोपियों के लिए सख्त सजा और फास्ट-ट्रैक ट्रायल की वकालत की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस इस मामले में बस के ड्राइवर और कंडक्टर को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
यह दिल दहला देने वाली घटना 4 अगस्त को ग्रेटर नोएडा के परी चौक के पास हुई थी। पुलिस के अनुसार, पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली है और पढ़ाई को लेकर माँ की डांट के बाद घर से निकल गई थी। वह नोएडा सेक्टर 63 में अपने चचेरे भाई के पास जा रही थी, लेकिन गलती से परी चौक पर उतर गई।
महिला आयोग का कड़ा रुख
डीसीडब्ल्यू प्रमुख लता गुप्ता ने इस घटना को समाज के लिए बेहद निंदनीय और अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा, "बस में लड़की के साथ गैंगरेप एक घिनौना अपराध है। पुलिस ने बस ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। आयोग ने पुलिस से की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। आयोग आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक ट्रायल की पैरवी करेगा।" उन्होंने आगे कहा कि नैतिक मूल्यों में गिरावट आ रही है और लोग अपने मौलिक कर्तव्यों को भूल रहे हैं, जबकि सरकार ने पोक्सो जैसे कानूनों के तहत त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रावधान किए हैं।
घटना का विवरण और पुलिस की कार्रवाई
पुलिस को दिए बयान में किशोरी ने बताया कि परी चौक पर उतरने के बाद उसने एक स्लीपर बस को रोका, जो उस समय खाली थी। कंडक्टर संदीप ने उसे बताया कि बस नोएडा सेक्टर 63 जा रही है, जिसके बाद वह उसमें सवार हो गई। असल में, बस सूरजपुर के एक वर्कशॉप से मरम्मत के बाद खाली लौट रही थी।
पीड़िता का आरोप है कि बस चलने के थोड़ी देर बाद ही कंडक्टर और ड्राइवर कुलदीप ने उसके साथ यौन उत्पीड़न शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद, दोनों आरोपियों ने उसे दिल्ली में कश्मीरी गेट के पास रिंग रोड पर छोड़ दिया और फरार हो गए।
इसके बाद लड़की ने पुलिस से संपर्क किया, जिसने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस ने उसी दिन तिमारपुर के एक पार्किंग एरिया से दोनों आरोपियों, ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया। उन पर गैंगरेप, अपहरण और मारपीट के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बस को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है और रास्ते के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



