भारत-न्यूजीलैंड संबंध अब 'रणनीतिक साझेदारी', पीएम मोदी और क्रिस्टोफर लक्सन की बैठक में अहम फैसला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूजीलैंड यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को एक नए मुकाम पर ले जाने का फैसला किया है। शनिवार को ऑकलैंड में हुई एक अहम बैठक में पीएम मोदी और उनके सम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूजीलैंड यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को एक नए मुकाम पर ले जाने का फैसला किया है। शनिवार को ऑकलैंड में हुई एक अहम बैठक में पीएम मोदी और उनके समकक्ष क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत-न्यूजीलैंड के रिश्तों को 'रणनीतिक साझेदारी' (Strategic Partnership) के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति जताई।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पीएम मोदी ने इस दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह दोनों देशों के संबंधों को नई गति और ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा, "यह हमारे संबंधों में एक ऐतिहासिक पड़ाव है, जो हमारे संबंधों की नई ऊर्जा और हमारी मित्रता के नए संकल्प को दोहराने वाला है।" चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली न्यूजीलैंड यात्रा है।
समझौतों का आदान-प्रदान और औपचारिक स्वागत
दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण समझौतों (MoU) का भी आदान-प्रदान किया गया। इससे पहले, ऑकलैंड के गवर्नमेंट हाउस में पीएम मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया, जहां उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' भी दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए अपने समकक्ष का आभार व्यक्त किया।
'स्वाभाविक साझेदार' हैं दोनों देश
पीएम मोदी ने दोनों देशों को 'स्वाभाविक साझेदार' (Natural Partners) करार दिया। उन्होंने 40 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री के दौरे का जिक्र करते हुए कहा, "मेरे लिए खुशी की बात है कि 40 साल के बाद भारत के प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड आना हुआ है। आपने एक प्रकार से आपकी आर्थिक राजधानी में यह कार्यक्रम करके भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों को एक नई ताकत देने का एक अवसर पैदा किया है।" प्रधानमंत्री ने न्यूजीलैंड में मिले स्नेह को 'मन को छूने वाला' बताया।
बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने क्रिस्टोफर लक्सन की पिछली भारत यात्रा को भी याद किया, जो होली के त्योहार के दौरान हुई थी। उन्होंने कहा कि उस यात्रा ने संबंधों में नए रंग भर दिए थे। प्रधानमंत्री ने रिकॉर्ड समय में मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लागू करने के लिए न्यूजीलैंड सरकार के नेतृत्व की सराहना भी की।
इनपुट: IANS



