शुक्रवार, 13 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

अमेरिका में 'बर्थ टूरिज्म' पर बड़ी कार्रवाई, 6,000 से ज़्यादा लोगों के वीज़ा रद्द

अमेरिकी नागरिकता हासिल करने के इरादे से बच्चों को जन्म देने के लिए की जाने वाली विदेश यात्रा, जिसे 'बर्थ टूरिज्म' कहा जाता है, के खिलाफ अमेरिकी प्रशासन ने अपना अभियान तेज कर दिया है। समाचार एजेंसी…

अमेरिका में 'बर्थ टूरिज्म' पर बड़ी कार्रवाई, 6,000 से ज़्यादा लोगों के वीज़ा रद्द
(फोटो: IANS)

अमेरिकी नागरिकता हासिल करने के इरादे से बच्चों को जन्म देने के लिए की जाने वाली विदेश यात्रा, जिसे 'बर्थ टूरिज्म' कहा जाता है, के खिलाफ अमेरिकी प्रशासन ने अपना अभियान तेज कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी विदेश विभाग ने इस सिलसिले में 6,000 से अधिक लोगों के वीजा रद्द कर दिए हैं। ये वे लोग हैं जो या तो खुद 'बर्थ टूरिज्म' में शामिल थे या दूसरों को इसकी सुविधा मुहैया करा रहे थे।

विज्ञापन

विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि उसकी 'बर्थ टूरिज्म प्रिवेंशन टास्क फोर्स' इस मामले में शामिल विदेशियों की पहचान कर उन्हें जवाबदेह ठहराने के लिए काम कर रही है। यह कार्रवाई अमेरिकी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एक बड़ा कदम है, जिसके तहत अमेरिका की यात्रा का मुख्य उद्देश्य बच्चे को जन्म देकर उसके लिए अमेरिकी नागरिकता हासिल करना नहीं हो सकता।

लगातार बढ़ रही कार्रवाई

यह आंकड़ा 31 अक्टूबर को जारी किए गए आंकड़ों से कहीं ज़्यादा है, जब विभाग ने 4,000 से ज़्यादा वीजा रद्द करने की जानकारी दी थी। हालांकि, दोनों ही आंकड़ों से यह स्पष्ट नहीं होता कि इस अवधि में कुल कितनी बढ़ोतरी हुई है। अक्टूबर में विभाग ने यह भी बताया था कि रद्द किए गए वीजा में से 700 से अधिक चीनी नागरिकों के थे, लेकिन हालिया बयान में किसी देश के नागरिकों का अलग से ब्योरा नहीं दिया गया है।

'बर्थ टूरिज्म' के खिलाफ बने नियम

वीजा रद्द होने का मतलब यह नहीं है कि उस व्यक्ति को देश से निकाल दिया गया है या वह किसी अपराध का दोषी है। यह विदेश विभाग के एक नियम पर आधारित है, जिसके अनुसार 'बी नॉन-इमिग्रेंट वीजा' इस मकसद से जारी नहीं किया जा सकता। IANS के हवाले से, यदि कांसुलर अधिकारी को लगता है कि कोई आवेदक अपनी यात्रा के दौरान बच्चे को जन्म देगा, तो यह माना जाता है कि उनका मकसद नागरिकता हासिल करना है, जिसे गलत साबित करने की जिम्मेदारी आवेदक की होती है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने इस समस्या से निपटने के लिए 12 अगस्त को 'बर्थ टूरिज्म प्रिवेंशन टास्क फोर्स' का गठन किया था। इसके अलावा, 23 सितंबर को विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने उन लोगों के लिए वीजा प्रतिबंधों की घोषणा की थी जो जानबूझकर 'बर्थ टूरिज्म' में शामिल होते हैं या इसे बढ़ावा देते हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →