संयुक्त राष्ट्र महासचिव पद: उम्मीदवारों ने UNGA के सामने रखा अपना विज़न, सुधार और नवीनीकरण पर ज़ोर
संयुक्त राष्ट्र के अगले महासचिव पद के लिए दौड़ तेज हो गई है। इसी कड़ी में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) ने दो और उम्मीदवारों के साथ संवाद सत्र आयोजित किए, जिसमें उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं और भविष्य…
संयुक्त राष्ट्र के अगले महासचिव पद के लिए दौड़ तेज हो गई है। इसी कड़ी में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) ने दो और उम्मीदवारों के साथ संवाद सत्र आयोजित किए, जिसमें उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं और भविष्य की योजनाओं को दुनिया के सामने रखा। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इन सत्रों में युगांडा के ओलारा ओटुन्नु और इक्वाडोर की इवोन ए-बाकी ने अपने-अपने विज़न पेश किए।
वर्तमान महासचिव एंटोनियो गुटेरेस का कार्यकाल इस साल के अंत में समाप्त हो रहा है और नए महासचिव 1 जनवरी, 2027 को पदभार ग्रहण करेंगे। UNGA ने इस पद के लिए उम्मीदवारों के साथ संवाद की यह प्रक्रिया अप्रैल के अंत में शुरू की थी, जिसमें अब तक कुल आठ उम्मीदवार हिस्सा ले चुके हैं।
शांति और वैश्विक संघर्षों पर फोकस
युगांडा द्वारा नामित उम्मीदवार, राजनयिक ओलारा ओटुन्नु ने बुधवार को हुए संवाद में खतरनाक वैश्विक संघर्षों को रोकने पर सबसे अधिक जोर दिया। उन्होंने वादा किया कि उनका ध्यान यूक्रेन संकट को समाप्त करने, गाजा संकट से निपटने और सूडान में संघर्ष को खत्म करने के लिए अफ्रीकी संघ व अन्य वैश्विक सहयोगियों के साथ मिलकर काम करने पर होगा। उन्होंने रवांडा और कांगो के बीच शांति समझौते तथा ईरान के लिए एक व्यापक शांति समझौते के कूटनीतिक प्रयासों का समर्थन करने की भी बात कही। इसके अलावा, हॉर्न ऑफ अफ्रीका और साहेल में आतंकवाद विरोधी प्रयासों को बेहतर बनाने का भी उन्होंने वादा किया।
'मैनेजर नहीं, लीडर' बनने का वादा
गुरुवार को हुए सत्र में, टोंगा द्वारा नामित इक्वाडोर की राजनयिक इवोन ए-बाकी ने एक अलग दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि अगर वह चुनी जाती हैं, तो वह एक मैनेजर के बजाय लीडर बनना पसंद करेंगी। उन्होंने कहा, "मैनेजर वह होता है जो मिशन स्टेटमेंट का पालन करता है। लीडर वह होता है जो 'नॉर्थ स्टार' (ध्रुव तारे) का अनुसरण करता है।"
ए-बाकी ने स्पष्ट किया कि संयुक्त राष्ट्र के लिए उनका 'नॉर्थ स्टार' सिर्फ सुधार नहीं, बल्कि "नवीनीकरण" है। उन्होंने शांति स्थापित करने, युद्ध रोकने, मानवीय गरिमा और सामाजिक प्रगति को बढ़ावा देने के वादों का नवीनीकरण करने का संकल्प लिया। साथ ही उन्होंने सुरक्षा परिषद के आधुनिकीकरण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में मानवीय गरिमा की रक्षा का भी वादा किया।
इनपुट: IANS



