यूक्रेन का बड़ा दावा: लीबिया के पास रूस का नया युद्धपोत 'मर्करी' डुबोया, मालवाहक जहाज पर भी हमला
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि उनकी नौसेना ने लीबिया तट के पास एक सफल अभियान में रूस के एक नए युद्धपोत को डुबो दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, जेलेंस्की…
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि उनकी नौसेना ने लीबिया तट के पास एक सफल अभियान में रूस के एक नए युद्धपोत को डुबो दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि इस कार्रवाई में रूस के युद्धपोत 'मर्करी' को नष्ट किया गया और एक मालवाहक जहाज 'एमवी अंगारा' को भी निशाना बनाया गया।
सोमवार को हुए इस हमले को अंजाम देने के लिए यूक्रेन ने अपने सात स्वदेशी नौसैनिक ड्रोन का इस्तेमाल किया। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इसे रूस के युद्ध के जवाब में एक 'बेहतरीन अभियान' करार दिया। उन्होंने कहा, "मुझे कल और आज इस ऑपरेशन के हर चरण की विस्तृत जानकारी दी गई। हमने जो लक्ष्य तय किए थे, वे पूरे हो गए हैं।"
हमले में क्या-क्या हुआ?
जेलेंस्की के मुताबिक, रूस ने हमले को रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन यूक्रेनी बल 'मर्करी' को डुबोने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि यह युद्धपोत रूस के सबसे नए जहाजों में से एक था, जिसे 2023 में ही सेवा में शामिल किया गया था। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि इसी अभियान में रूस का एक 'का-27' लड़ाकू हेलीकॉप्टर भी नष्ट कर दिया गया।
इसके अलावा, जिस दूसरे जहाज को निशाना बनाया गया, वह एक रूसी मालवाहक जहाज 'एमवी अंगारा' था। यूक्रेन का आरोप है कि इस जहाज का इस्तेमाल दुश्मन हथियारों की ढुलाई के लिए कर रहा था। जेलेंस्की ने स्पष्ट किया कि यूक्रेन भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रखेगा।
रूस का जवाबी दावा
दूसरी ओर, रूस के रक्षा मंत्रालय ने भी अपनी सैन्य कार्रवाइयों की जानकारी दी है। रूसी समाचार एजेंसी 'ताश' के अनुसार, मंत्रालय ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटों में रूसी सेना ने यूक्रेनी सशस्त्र बलों के ड्रोन उत्पादन और भंडारण केंद्रों समेत 142 अलग-अलग इलाकों में हमले किए हैं। इन हमलों में हवाई यातायात नियंत्रण रडार स्टेशनों और विदेशी लड़ाकों सहित यूक्रेनी सैनिकों के अस्थायी ठिकानों को भी निशाना बनाया गया। रूस का कहना है कि उसने यूक्रेनी सेना द्वारा इस्तेमाल की जा रही ऊर्जा और परिवहन सुविधाओं पर भी हमले किए हैं।
इनपुट: IANS



