पश्चिम बंगाल: एक साल से बेटी का यौन शोषण कर रहा था पिता, बड़ी बहन ने खोला राज़
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक पिता पर अपनी ही 17 वर्षीय बेटी के साथ एक साल तक यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपी पिता दीपन…
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक पिता पर अपनी ही 17 वर्षीय बेटी के साथ एक साल तक यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपी पिता दीपन हलदर को हाबरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। यह दिल दहला देने वाला मामला तब उजागर हुआ जब पीड़िता की बड़ी बहन ने उसके बदले हुए व्यवहार को भांपकर परिवार को आगाह किया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों लड़कियों की माँ की करीब आठ साल पहले एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से घर में केवल पिता और दो बेटियां ही रह रहे थे। आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर पिता अपनी छोटी बेटी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
बहन ने उठाया शक, मौसी ने की शिकायत
यह मामला तब सामने आया जब पीड़िता बीमार पड़ी और उसकी बड़ी बहन ने उसके व्यवहार में अजीब बदलाव देखे। शक होने पर उसने अपनी मौसी और दादी को पूरी बात बताई। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता पिछले एक साल से उसका यौन शोषण कर रहे थे। वह उसे धमकी देता था कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो अंजाम बहुत बुरा होगा। वह उसके साथ मारपीट भी करता था, जिसके कारण वह चुपचाप सब कुछ सहती रही।
परिवार द्वारा लड़की से बात करने और उसकी आपबीती सुनने के बाद, मौसी ने हाबरा पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार किया।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
बारासात पुलिस जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे सात दिन की पुलिस रिमांड की मांग के साथ बारासात अदालत में पेश किया जाएगा।" उन्होंने यह भी पुष्टि की कि आरोपी के खिलाफ 'यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण' (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच चल रही है।
इनपुट: IANS



