पश्चिम बंगाल: नई बेरोजगारी भत्ता योजना 'भरोसा' को मंजूरी, जानिए किसे और कितना मिलेगा लाभ
पश्चिम बंगाल के लाखों बेरोजगार युवाओं के लिए राज्य सरकार ने एक नई योजना को हरी झंडी दे दी है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में बेरोजगारी भत्ता योजना को…
पश्चिम बंगाल के लाखों बेरोजगार युवाओं के लिए राज्य सरकार ने एक नई योजना को हरी झंडी दे दी है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में बेरोजगारी भत्ता योजना को मंजूरी दे दी गई, जिसके तहत पात्र युवाओं को हर महीने वित्तीय सहायता दी जाएगी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस योजना की प्रक्रिया जनवरी 2027 से शुरू होगी और पहली किस्त 1 फरवरी से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी।
इस योजना का नाम 'भरोसा' रखा गया है। पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के समय इसी तरह की एक योजना 'युवा साथी' के नाम से चलती थी, जिसे अब नई सरकार ने नए नाम से पेश किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह योजना 21 से 45 वर्ष की आयु के बेरोजगार नागरिकों के लिए है।
किसे मिलेगी कितनी राशि?
प्रस्ताव के अनुसार, इस योजना के तहत दो अलग-अलग श्रेणियों में भत्ता दिया जाएगा। स्नातक (ग्रेजुएट) और राज्य सरकार द्वारा संचालित व्यावसायिक प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं को शुरुआत के 15 महीनों तक हर महीने 2,000 रुपये मिलेंगे। वहीं, जो युवा स्नातक नहीं हैं, उन्हें इसी अवधि के लिए 1,500 रुपये प्रति माह की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि राशि हर महीने के दूसरे सप्ताह में सीधे लाभार्थी के खाते में जमा होगी।
योजना की पात्रता और शर्तें
सरकार ने इस योजना के लिए कुछ प्रमुख शर्तें भी तय की हैं:
- एक परिवार से अधिकतम दो सदस्य ही इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
- जो लोग पहले से 'अन्नपूर्णा योजना' के लाभार्थी हैं, वे इस बेरोजगारी भत्ते के लिए पात्र नहीं होंगे।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने यह भी स्वीकार किया कि शुरुआती 15 महीनों के लिए दी जाने वाली यह राशि भाजपा के चुनावी 'संकल्प पत्र' में किए गए वादे से कम है। उन्होंने कहा, "हम पर वित्तीय जिम्मेदारियों का बड़ा बोझ है। इसलिए फिलहाल मैं घोषणापत्र में किए गए वादे के मुताबिक राशि देने में असमर्थ हूं। इसके लिए मैं माफी मांगता हूं।" उन्होंने लाभार्थियों से 15 महीने का समय मांगते हुए वादा किया कि इसके बाद भत्ते की राशि को घोषणापत्र के अनुसार बढ़ा दिया जाएगा। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में स्नातकों के लिए 3,000 रुपये और गैर-स्नातकों के लिए 2,000 रुपये प्रति माह देने का वादा किया था।
इनपुट: IANS



