पाकिस्तानी जासूसी के बाद सरकारी अलर्ट: WhatsApp Web के इस्तेमाल पर गृह मंत्रालय ने दी चेतावनी
पाकिस्तान स्थित खुफिया एजेंटों द्वारा रक्षा से जुड़े 50 से ज़्यादा व्हाट्सऐप ग्रुपों में सेंधमारी की घटना सामने आने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक अहम साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। समाचार…
पाकिस्तान स्थित खुफिया एजेंटों द्वारा रक्षा से जुड़े 50 से ज़्यादा व्हाट्सऐप ग्रुपों में सेंधमारी की घटना सामने आने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक अहम साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, मंत्रालय की नोडल एजेंसी I4C (इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर) ने सरकारी अधिकारियों को कंप्यूटर या लैपटॉप पर व्हाट्सऐप वेब के इस्तेमाल को लेकर गंभीर खतरों से आगाह किया है।
यह चेतावनी एक जांच के बाद जारी की गई जिसमें पता चला कि पाकिस्तानी एजेंट भारतीय नंबरों का छद्म रूप धरकर इन ग्रुपों में 'निष्क्रिय सदस्य' के तौर पर शामिल हो गए थे। वे एनएसजी, सीआरपीएफ, कमांडो और यहां तक कि डीआरडीओ से जुड़े ग्रुपों की बातचीत पर गुपचुप तरीके से नजर रख रहे थे, जिसकी किसी को भनक तक नहीं लगी।
क्या हैं व्हाट्सऐप वेब से जुड़े खतरे?
I4C के तहत काम करने वाली 'नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट' (NCTAU) ने स्पष्ट किया है कि कंप्यूटर पर सक्रिय व्हाट्सऐप वेब सेशन का गलत इस्तेमाल कर कोई भी व्यक्ति आपके अकाउंट पर कब्जा कर सकता है। एक बार अनधिकृत पहुंच मिलने पर, वह आपके निजी संदेश पढ़ सकता है, आपकी पहचान का इस्तेमाल कर दूसरों को संदेश भेज सकता है, और आपके कॉन्टैक्ट्स व ग्रुप की बातचीत देख सकता है। इसके अलावा, आपकी विश्वसनीय पहचान का फायदा उठाकर धोखाधड़ी, फिशिंग और 'सोशल इंजीनियरिंग' जैसी गतिविधियों को अंजाम दिया जा सकता है।
बचाव के लिए जारी किए गए दिशा-निर्देश
साइबर खतरों से बचने के लिए I4C ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। अधिकारियों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक या संवेदनशील कार्यों के लिए व्हाट्सऐप वेब का इस्तेमाल कतई न करें। जब जरूरत न हो, तो सेशन को सक्रिय न छोड़ें, खासकर दफ्तर या साझा कंप्यूटरों पर।
मुख्य सिफारिशें इस प्रकार हैं:
- हर बार इस्तेमाल के बाद व्हाट्सऐप वेब से लॉग-आउट करें।
- यदि इस्तेमाल करना बहुत जरूरी हो तो 'इनकॉग्निटो' या 'प्राइवेट ब्राउजिंग' मोड का उपयोग करें।
- साइबर कैफे, पब्लिक कियोस्क, होटल बिजनेस सेंटर या किसी भी अविश्वसनीय सिस्टम पर लॉग-इन करने से बचें।
- अपने ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सुरक्षा सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेट रखें।
इसके साथ ही, भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने व्हाट्सऐप ग्रुपों का ऑडिट करने का भी निर्देश दिया है ताकि उन सभी सदस्यों को हटाया जा सके जिनकी पहचान सत्यापित नहीं है। अधिकारियों को अपने अकाउंट में किसी भी असामान्य गतिविधि पर तुरंत ध्यान देने के लिए कहा गया है।
इनपुट: IANS



