नेपाल: बाढ़ में बही महिला के शव से बाली चुराने का वीडियो वायरल, दो आरोपी गिरफ्तार
नेपाल में हाल में आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान नारायणी नदी में बहकर आई एक महिला के शव से सोने की बालियां चुराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस घटना का…
नेपाल में हाल में आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान नारायणी नदी में बहकर आई एक महिला के शव से सोने की बालियां चुराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी गुस्सा फैल गया, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।
चितवन जिला पुलिस कार्यालय ने आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय मदन भुजेल और 38 वर्षीय उमेश चौधरी के रूप में की है। पुलिस अधिकारी सूरज बुद्धा ने बताया कि दोनों को गुरुवार को शहर के पोखरा बस पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया। ये दोनों दक्षिणी चितवन जिले के भरतपुर महानगर क्षेत्र में अस्थायी रूप से रह रहे थे।
वायरल वीडियो और पुलिस की कार्रवाई
पुलिस द्वारा साझा किए गए वायरल वीडियो में दोनों आरोपी महिला के शव को लकड़ी के तख्तों और बालों की मदद से पानी से बाहर निकालते दिखते हैं। इसके बाद वे महिला के दोनों कानों से बालियां निकालकर अलग रख लेते हैं। यह घटना उस वक्त हुई जब वहां कई अन्य लोग भी मौजूद थे, जिनमें से कुछ इस पूरी घटना का वीडियो बना रहे थे। वीडियो की जांच के बाद ही पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी।
पुलिस ने इस कृत्य को अमानवीय करार देते हुए कहा कि यह ऐसे समय में हुआ जब लोग पहले से ही प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे हैं। जांच में पता चला है कि महिला का शव बाढ़ के दौरान बहकर नेपाल के दक्षिणी मैदानी इलाके में स्थित नारायणी नदी तक पहुंचा था।
इनपुट: IANS



