बंगाल: नौकरी के बदले अस्मत का सौदा, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक तलाकशुदा महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने…
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक तलाकशुदा महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना शांतिपुर इलाके की है, जहाँ पीड़िता को आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर चुप रहने पर मजबूर किया जा रहा था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेखर बिस्वास और माणिक देबनाथ के रूप में की है। जानकारी के अनुसार, शांतिपुर निवासी पीड़िता काम की तलाश में बाबला-गोबिंदपुर दक्षिण कायस्थपारा के रहने वाले शेखर बिस्वास के संपर्क में आई थी। शेखर ने उसे एक स्थानीय वॉर्डरोब फैक्ट्री के मालिक माणिक देबनाथ से मिलवाया।
धमकी और ब्लैकमेलिंग का जाल
आरोप है कि इसके बाद शेखर ने काम दिलाने के बहाने महिला को अलग-अलग जगहों पर बुलाया और एक होटल में ले जाकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने इस दौरान अंतरंग पलों की तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए, जिन्हें दिखाकर वह पीड़िता को ब्लैकमेल करने लगा।
इस अपराध में माणिक देबनाथ भी शामिल था। आरोप है कि उसने भी उसी तरह महिला के साथ बलात्कार किया, वीडियो रिकॉर्ड किए और तस्वीरें खींचीं। दोनों आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वे इन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। उसे जान से मारने की धमकियां भी दी गईं, जिसके कारण पीड़िता लंबे समय तक डर से चुप रही।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
आखिरकार, सोमवार को पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर शांतिपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की और 12 घंटों के भीतर ही दोनों आरोपियों, शेखर बिस्वास और माणिक देबनाथ, को गिरफ्तार कर लिया। नादिया जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "महिला की शिकायत पर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।" गिरफ्तार लोगों को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहाँ पुलिस आगे की पूछताछ के लिए उनकी कस्टडी की मांग करेगी। पीड़िता ने आरोपियों के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की है।
इनपुट: IANS



