तेलंगाना: 6 साल की पोती को कार चलवाते पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल, DGP के आदेश पर हुए सस्पेंड
तेलंगाना में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर को अपनी छह साल की पोती से कार चलवाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और लोगों के आक्रोश के बाद पुलिस महानिदेशक (DGP) सी
तेलंगाना में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर को अपनी छह साल की पोती से कार चलवाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और लोगों के आक्रोश के बाद पुलिस महानिदेशक (DGP) सी.वी. आनंद ने सोमवार को यह कार्रवाई करने का निर्देश दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, डीजीपी ने साइबराबाद पुलिस कमिश्नर को आरोपी अधिकारी को निलंबित करने और लापरवाही के इस मामले में विभागीय जांच शुरू करने को कहा है।
यह घटना शनिवार शाम हैदराबाद के गंधमगुडा रोड पर हुई, जो नरसिंगी पुलिस थाना क्षेत्र में आता है। वीडियो में सब-इंस्पेक्टर पुजारी तिरुपति अपनी छोटी पोती को एक व्यस्त सड़क पर कार चलाना सिखाते हुए दिखाई दे रहे थे। जब कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई तो बच्ची ने बताया कि उसके दादाजी सब-इंस्पेक्टर हैं।
कानूनी कार्रवाई और पुलिस का बयान
इस घटना पर साइबराबाद ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपी पुजारी तिरुपति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 180 व 184 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है।
लोगों के विरोध पर तिरुपति ने सफाई देते हुए कहा था कि कार ऑटोमैटिक थी और वाहन पूरी तरह उनके नियंत्रण में था। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें समझाया कि एक पुलिस अधिकारी होते हुए उन्हें नियमों का उल्लंघन नहीं करना चाहिए और सड़क पर दूसरों की जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए।
वरिष्ठ अधिकारियों का हस्तक्षेप
मामला तूल पकड़ने के बाद साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर एम. रमेश ने स्पष्ट किया कि संबंधित अधिकारी उनके कमिश्नरेट में तैनात नहीं है। उन्होंने डीजीपी के 'एक्स' पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा, "सर, हम संबंधित अधिकारी को तुरंत निलंबित करने और उसके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के लिए सक्षम प्राधिकारी को रिपोर्ट भेज रहे हैं।"
इनपुट: IANS



