बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध? दक्षिण कोरिया भी वैश्विक बहस में शामिल
दक्षिण कोरिया में किशोरों के बीच सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच सरकार 14 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया अकाउंट बनाने पर प्रतिबंध लगाने की योजना पर विचार कर र
दक्षिण कोरिया में किशोरों के बीच सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच सरकार 14 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया अकाउंट बनाने पर प्रतिबंध लगाने की योजना पर विचार कर रही है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह कदम दुनिया भर के कई देशों द्वारा उठाए जा रहे इसी तरह के उपायों की पृष्ठभूमि में सामने आया है, जिनका उद्देश्य बच्चों को ऑनलाइन दुनिया के खतरों से बचाना है।
कोरिया मीडिया एंड कम्युनिकेशंस कमीशन (KMCC) के अध्यक्ष किम जोंग-चोल ने गुरुवार को एक नीति संबंधी ब्रीफिंग में कहा, "किशोरों द्वारा सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग अब वैश्विक समस्या बन चुका है।" उन्होंने इस समस्या से निपटने के लिए एक चरणबद्ध योजना का खुलासा किया।
क्या है दक्षिण कोरिया की योजना?
किम ने बताया, "हम चरणबद्ध तरीके से ऐसी योजना पर विचार कर रहे हैं, जिसके तहत 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनाने से रोका जाएगा।" उन्होंने यह भी कहा कि सरकार 14 से 19 वर्ष के किशोरों के लिए ऐसे डिजाइन और एल्गोरिदम के संपर्क को भी सीमित करना चाहती है, जो उन्हें सोशल मीडिया का ज्यादा इस्तेमाल करने के लिए उकसाते हैं। इस संबंध में देश की संसद में लगभग सात विधेयक विचाराधीन हैं।
पुराने अनुभव से सतर्कता
हालांकि, किम जोंग-चोल ने इस मुद्दे पर सावधानी से आगे बढ़ने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने 2011 में लागू 'शटडाउन लॉ' का उदाहरण दिया, जिसने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक ऑनलाइन गेम खेलने पर रोक लगा दी थी। बाद में इस कानून की यह कहकर आलोचना हुई कि यह मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करता है और गेमिंग उद्योग को नुकसान पहुंचाता है, जिसके चलते जनवरी 2022 में इसे खत्म कर दिया गया।
वैश्विक स्तर पर उठाए जा रहे कदम
दक्षिण कोरिया का यह प्रस्ताव एक वैश्विक प्रवृत्ति का हिस्सा है। ऑस्ट्रेलिया पहले ही 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रतिबंध लगाकर दुनिया का पहला देश बन चुका है। इसी तरह, यूरोपीय संघ भी गर्मियों के बाद बच्चों की सोशल मीडिया तक पहुंच सीमित करने के लिए एक नया कानून लाने की तैयारी में है। जून में, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने भी 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध की घोषणा की थी, जिसे उन्होंने देश के लिए "एक बड़ा कदम" बताया था। स्टार्मर का कहना था कि सोशल मीडिया ब्रिटेन के बच्चों को "असुरक्षित" बना रहा है।
इनपुट: IANS



