कैबिनेट बैठकों के सीधे प्रसारण पर रोक से दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति का इनकार, कहा- 'मुझे बहस पसंद है'
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने अपनी कैबिनेट बैठकों के सीधे प्रसारण को रोकने की मांग का एक बार फिर पुरज़ोर विरोध किया है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया है कि वे बैठकों के दौरान उठाए गए सभी…
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने अपनी कैबिनेट बैठकों के सीधे प्रसारण को रोकने की मांग का एक बार फिर पुरज़ोर विरोध किया है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया है कि वे बैठकों के दौरान उठाए गए सभी तरह के विचारों को सुनने के पक्ष में हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, राष्ट्रपति ने उन मीडिया रिपोर्ट्स को 'झूठा दावा' करार दिया, जिनमें कहा गया था कि कैबिनेट सदस्य प्रसारण बंद करने की मांग कर रहे हैं।
यह पूरा विवाद तब सामने आया जब एक स्थानीय दैनिक समाचार पत्र 'हांकुक इल्बो' ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि लगभग 10 मंत्रियों ने प्रधानमंत्री हान सियोंग-सुक के साथ एक रात्रिभोज के दौरान शिकायत की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा था कि सीधे प्रसारण के कारण वे राष्ट्रपति की बातों का विरोध करने में कठिनाई महसूस करते हैं और स्वस्थ नीतिगत चर्चा के लिए इसे सीमित किया जाना चाहिए।
विवाद पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री कार्यालय की सफाई
इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए, राष्ट्रपति ली ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "यह समझना मुश्किल है कि वे यह झूठ बोलकर कैबिनेट बैठकों के कुछ हिस्सों को सार्वजनिक करने का विरोध क्यों कर रहे हैं कि बैठकें सार्वजनिक होने के कारण कैबिनेट सदस्य अपनी बात नहीं रख सकते।" उन्होंने अपनी बात के समर्थन में एक यूट्यूब प्रसारण भी साझा किया, जिसमें ऐसे उदाहरण दिखाए गए थे जहां उन्होंने कैबिनेट बैठकों के दौरान मंत्रियों के विरोधी विचारों को भी स्वीकार किया था।
उधर, प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी गुरुवार को इन मीडिया रिपोर्ट्स का खंडन किया था। कार्यालय ने एक बयान में कहा, "सरकार इतिहास में पहली बार कैबिनेट बैठकों की चर्चाओं का सीधा प्रसारण कर रही है। इसका उद्देश्य सरकारी कामकाज को पारदर्शी तरीके से जनता के सामने रखना और सरकारी नीतियों में लोगों के विचारों को सक्रिय रूप से शामिल करना है।"
"मैं असहमत होने वालों का सम्मान करता हूँ"
राष्ट्रपति ली ने कहा कि उन्होंने जानबूझकर बैठकों में प्रतिभागियों की संख्या बढ़ाई है ताकि देश के मामलों पर विभिन्न विचारों को सुना जा सके। उन्होंने आगे कहा, "मुझे हमेशा से बहस पसंद रही है और खासकर उन लोगों का सम्मान करते हैं, जो उनसे असहमत विचार रखते हैं।" ली ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी संगठन के भीतर समस्याओं को रोकने के लिए वह हमेशा विरोधी विचार रखने वाले लोगों की भूमिका पर जोर देते रहे हैं।
इनपुट: IANS



